Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

टीकाराम पर किसान ने लगाया जमीन हड़पने का आरोप

टीकाराम पर किसान ने लगाया जमीन हड़पने का आरोप
क्राइम
16-May-26
किसान ने की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी 

छिंदवाड़ा/अमरवाड़ा

अमरवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बिनेकी से धोखाधड़ी और जालसाजी का एक  मामला सामने आया है। एक किसान ने कीमती पैतृक जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित किसान और उसके परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

राशन कार्ड बनवाने के बहाने लाए थे अमरवाड़ा

किसान द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार ग्राम बिनेकी निवासी किसान ध्यानी चंद्रवंशी पढ़ना-लिखना नहीं जानते और अंगूठा लगाते हैं। इसी बात का फायदा उठाते हुए गांव के ही आरोपी सुजान चंद्रवंशी (पिता टीकाराम चंद्रवंशी) और दूसरे आरोपी टीकाराम चंद्रवंशी (पिता भोदल चंद्रवंशी) ने एक सोची-समझी साजिश रची। आरोपियों ने ध्यानी चंद्रवंशी को बहला-फुसलाकर कहा कि वे उसका राशन कार्ड बनवा देंगे। राशन कार्ड बनवाने के बहाने आरोपी पीड़ित किसान को छल-कपट से अमरवाड़ा लेकर आए।

आधार कार्ड का दुरुपयोग और ओटीपी का खेल

जमीन हथियाने के लिए आरोपियों ने तकनीकी हेरफेर का सहारा लिया। आरोपी सुजान चंद्रवंशी ने पीड़ित किसान ध्यानी चंद्रवंशी के आधार कार्ड में चालाकी से अपना खुद का मोबाइल नंबर दर्ज करवा दिया। मोबाइल नंबर बदलने के बाद, रजिस्ट्री की प्रक्रिया के दौरान आने वाले सभी गुप्त ओटीपी आरोपी के फोन पर प्राप्त हुए। इसी ओटीपी की सहायता से आरोपियों ने धोखाधड़ी को अंजाम देते हुए किसान की 1 एकड़ खेती की जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली।

परिजनों को लगी भनक, 6 लोगों का था हिस्सा

परिजनों ने बताया कि जिस 1 एकड़ जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करवाई गई है, उसमें परिवार के कुल 6 लोगों का हिस्सा है। जब इस पूरी हेराफेरी और रजिस्ट्री की बात परिजनों को पता चली, तो उनके होश उड़ गए।

थाने में शिकायत, कड़ी कार्रवाई की मांग

जालसाजी का खुलासा होने के बाद पीड़ित किसान और उनके परिजनों ने तुरंत अमरवाड़ा थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों ने आरोपी सुजान चंद्रवंशी और टीकाराम चंद्रवंशी के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने की अपील की है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।



Share News On