Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

संयुक्त संचालक शिक्षण ने किया छिंदवाड़ा जिले का आकस्मिक निरीक्षण

संयुक्त संचालक शिक्षण ने किया छिंदवाड़ा जिले का आकस्मिक निरीक्षण
शिक्षा
16-May-26

व्यवसायिक शिक्षा, समर कैंप, बोर्ड परीक्षा एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा

छिन्दवाडा 

कार्यालय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण संभाग जबलपुर से संयुक्त संचालक अरुण कुमार इंगले एवं संभागीय व्यावसायिक समन्वयक मनोज काशिव द्वारा आज छिंदवाड़ा जिले का आकस्मिक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, व्यावसायिक शिक्षा गतिविधियों एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण की शुरुआत छिंदवाड़ा एवं परासिया विकासखंडों के उन विद्यालयों से की गई जहाँ व्यावसायिक शिक्षा अंतर्गत “ऑन द जॉब ट्रेनिंग” संचालित की जा रही है। अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद कर प्रशिक्षण की उपयोगिता, रोजगारोन्मुख कौशल तथा भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। विद्यार्थियों को समझाया गया कि ऑन द जॉब ट्रेनिंग केवल पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता एवं व्यावसायिक दक्षता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इसके बाद अधिकारियों द्वारा सांदीपनी विद्यालय गुरैया छिंदवाड़ा में संचालित समर कैंप का निरीक्षण किया गया। यहाँ विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनकी गतिविधियों, रचनात्मक अभिरुचियों एवं नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों की जानकारी प्राप्त की गई। समर कैंप में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षकों की बैठक लेकर शिविर को और अधिक प्रभावी एवं ज्ञानवर्धक बनाने संबंधी आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।

निरीक्षण क्रम में परासिया विकासखंड के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परासिया में संचालित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी द्वितीय अवसर बोर्ड परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं, गोपनीयता, अनुशासन एवं पारदर्शिता का जायजा लेते हुए निष्पक्ष परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं पी.एम. जनमन योजना अंतर्गत जुन्नारदेव विकासखंड की पनारा पंचायत में निर्मित आवासों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन एवं गुणवत्ता का अवलोकन किया गया।

दोपहर 3 बजे से कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी छिंदवाड़ा में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के जिला परियोजना समन्वयक समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समस्त स्टाफ की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नामांकन की स्थिति, निरूशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, सी.एम. हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण, साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति, अपार आई.डी. निर्माण तथा कार्यालयीन कार्यों को ई-फाइलिंग प्रणाली के माध्यम से संचालित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वन-टू-वन चर्चा की गई।

बैठक में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों की गहन समीक्षा करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में सतत सुधार एवं बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा विभाग की योजनाओं का उद्देश्य केवल प्रशासनिक लक्ष्य प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुनिश्चित करना है। बैठक में सहायक संचालक डी.पी. डेहरिया, जिला परियोजना समन्वयक जगदीश इडपाचे तथा जिला व्यावसायिक समन्वयक डॉ. साबिर फारूकी, रमेश शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Share News On