जिला अस्पताल में एक सप्ताह से बंद है एक्सरे मशीन
छिंदवाड़ा
07-Apr-26
कांग्रेस ने कहा सरकारी फ्रैक्चर को उजागर कर रही है व्यवस्थाएं
छिन्दवाड़ा
कहने को यह मेडिकल कॉलेज है ओर उससे सम्बद्ध जिला अस्पताल भी है, लेकिन सुविधाएं शून्य ही है, क्योंकि ना तो वैसा मेडिकल ही बन पाया ना ही जिला अस्पताल जैसा सपना पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ ने देखा था। हालात बद से बदत्तर हो चुके। इसे खुले शब्दों में सरकारी फ्रैक्चर कहते हैं जिससे जिला अस्पताल में अव्यवस्था फैली है, मरीज एक्स-रे के लिए भटक रहा है। यह समस्या मामूली और अस्थाई नहीं बल्कि स्थाई हो चुकी है। यह बात जिला कांग्रेस प्रवक्ता नितिन उपाध्याय ने जिला अस्पताल में लगभग एक सप्ताह से बंद पड़ी एक्स-रे मशीन और भटकते मरीजों की परेशानियों पर व्यक्त किए हैं।

बंद एक्सरे मशीन की सुध लेने वाला कोई नहीं
उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी पर है। कुछ मरीज स्वतः ही इलाज के लिए पहुंचते हैं, वहां कभी मरीज के परिजन स्ट्रेचर खींचते हैं तो कभी पेयजल के लिए भटकते हैं। आवश्यक दवाइयां निजी मेडिकल से खरीदकर अस्पताल में लेकर जाते हैं। आम लोगों की बीमारी सरकार के लिए आम हो चुकी, इसीलिये अस्पतालों में सुविधाएं अधूरी और सरकार की घोषणाएं कोरी-कोरी और पूरी-पूरी जारी है। इसीलिये एक सप्ताह से जिला अस्पताल की एक्स-रे मशीन बंद है और सुध लेने वाला कोई नहीं। श्री उपाध्याय ने भाजपा सरकार से आग्रह किया कि झूठी घोषणाएं नहीं इलाज के पुख्ता इंतजाम करें ताकि अस्पतालों तक पहुंचाने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और समूचित उपचार मिल सके। अविलम्ब एक्स-रे मशीन चालू की जाए ताकि मरीजों को शासकीय अस्पताल में ही एक्स-रे की सुविधाए मिल सके।