दुनिया आर्थिक संकट में और कांग्रेस को राजनीति की चिंता: शेषराव यादव
राजनीति
16-May-26
कांग्रेस के शासनकाल में रोजमर्रा की वस्तुएं हुई थी पहुंच से बाहर
छिंदवाड़ा
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने पूर्व सांसद नकुलनाथ द्वारा पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर दिए जा रहे बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में महंगाई, भ्रष्टाचार और आर्थिक अव्यवस्था देश की पहचान बन गई थी, वे आज जनता को भ्रमित करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता की चिंता नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने की चिंता सता रही है। आज पेट्रोल की कीमतों पर बयान देने वाले वही लोग हैं, जिनके शासनकाल में रसोई गैस, दाल, तेल, चीनी और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई थीं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युद्ध और वैश्विक तनावों के कारण पूरी दुनिया आर्थिक अस्थिरता के दौर से गुजर रही है। कच्चे तेल और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि केवल भारत में नहीं, बल्कि विश्व के लगभग सभी देशों में देखने को मिल रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों, आपूर्ति प्रभावित होने और वैश्विक संकटों का असर हर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है।
श्री यादव ने कहा कि दुनिया के कई देशों में विपक्षी दल इस वैश्विक आपदा को राजनीतिक अवसर बनाने के बजाय अपनी सरकारों के साथ खड़े होकर देश को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। कठिन परिस्थितियों में वहां राष्ट्रहित को राजनीति से ऊपर रखा जा रहा है। दुर्भाग्य से भारत में कांग्रेस और विपक्षी दल वैश्विक संकट जैसी परिस्थितियों में भी जनता को भ्रमित कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। देशहित में सरकार का साथ देने के बजाय वे हर परिस्थिति में सत्ता हथियाने के अवसर तलाशने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में न तो आज जैसी वैश्विक युद्ध परिस्थितियां थीं, न अंतरराष्ट्रीय आर्थिक प्रतिबंधों का दबाव था और न ही पेट्रोलियम आपूर्ति को प्रभावित करने वाला कोई बड़ा वैश्विक संकट, फिर भी महंगाई चरम पर थी। उस समय पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते रहे, जिससे आम आदमी का घर चलाना तक मुश्किल हो गया था। उन्होंने कहा कि उस दौर की महंगाई का कारण कोई विश्वव्यापी आपदा नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकारों की गलत आर्थिक नीतियां, भ्रष्टाचार, घोटाले और प्रशासनिक विफलता थी।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता को गुमराह करने के बजाय यह बताना चाहिए कि उनके शासनकाल में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर क्यों थे। जनता अब तथ्यों और सच्चाई को समझती है तथा अवसरवादी राजनीति का जवाब देना भी जानती है।