किसानों के बीच पहुंचे किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी
कृषि जगत
16-May-26
अमरवाड़ा प्रवास में उपार्जन केंद्रों पर किसानों से किया सीधा संवाद
छिंदवाड़ा/अमरवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी ने पदभार ग्रहण करने के बाद संगठनात्मक गतिविधियों को गति देते हुए अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भाजपा नगर मंडल एवं ग्रामीण मंडलों का सघन प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय किसानों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा भाजपा संगठन की रीढ़ है और किसानों के हितों की रक्षा करना संगठन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर जानी किसानों की समस्याएं
अपने प्रवास के दौरान किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी क्षेत्र के विभिन्न अनाज उपार्जन (खरीदी) केंद्रों पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर तौल व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं भुगतान संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को लेकर उन्होंने संबंधित केंद्र प्रबंधकों एवं विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। किसानों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के सम्मान और सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी स्तर पर किसानों के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति
इस मंडल प्रवास के दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष, किसान मोर्चा के स्थानीय पदाधिकारी, वरिष्ठ भाजपा नेता, प्रबुद्ध किसान एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसानों के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।