Home News Helpline Classified Jobs About Contact

शिक्षक संघ ने पदोन्नति, क्रमोन्नति, एरियर भुगतान और समयमान वेतनमान के मुद्दे उठाए

 शिक्षक संघ ने पदोन्नति, क्रमोन्नति, एरियर भुगतान और समयमान वेतनमान के मुद्दे उठाए
शिक्षा
30-Jul-26
छिंदवाड़ा

शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के संभागीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जबलपुर पहुंचकर शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पदोन्नति, समयमान वेतनमान, द्वितीय एवं तृतीय क्रमोन्नति, एरियर भुगतान सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा करते हुए ज्ञापन सौंपा।

संघ के प्रतिनिधियों ने संयुक्त संचालक शिक्षा घनश्याम सोनी से मुलाकात कर शिक्षकों की पदोन्नति और वरिष्ठता के आधार पर छूटे हुए नामों को शामिल करने की मांग रखी। इसके बाद जनजातीय कार्य विभाग के उपायुक्त नरोत्तम बरकड़े से भेंट कर सहायक शिक्षक से उच्च श्रेणी शिक्षक तथा प्राथमिक शिक्षक से माध्यमिक शिक्षक पदों पर पदोन्नति सहित क्रमोन्नति वेतनमान के मामलों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने समस्याओं के निराकरण के लिए गंभीरतापूर्वक पहल करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने कोष एवं लेखा अधिकारी रोहित कौशल से शिक्षकों के एरियर भुगतान तथा सेवा पुस्तिकाओं में लगाई जा रही आपत्तियों के संबंध में चर्चा की। अधिकारियों ने इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी जबलपुर गौतम बर्वे से प्राथमिक शिक्षकों की क्रमोन्नति के संबंध में चर्चा हुई, जिस पर उन्होंने पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आदेश जारी किए जाने की जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांतीय सह संगठन मंत्री नंद कुमार शुक्ला, अखिल भारतीय शैक्षिक प्रकोष्ठ के विजय शुक्ला, संभागीय अध्यक्ष तोरणलाल पररतेती, संभाग सचिव राजकुमारी गुप्ता तथा जिला अध्यक्ष संजय नागदवने शामिल रहे। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सभी जिलों से शिक्षकों की समस्याएं लिखित रूप में प्राप्त कर संभाग स्तर पर ज्ञापन तैयार किया गया था। बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक एवं उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
Share News On