Home News Helpline Classified Jobs About Contact

मित्रता समाज में मानवता को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम

मित्रता समाज में मानवता को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम
छिंदवाड़ा
30-Jul-26
अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस पर जिला पंचायत सभागार में कार्यक्रम

छिन्दवाडा

राज्य आनंद संस्थान भोपाल के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस के अवसर पर आज जिला पंचायत सभागार में दोस्ती के ज़रिए इंसानियत को बांटना विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मित्रता, सहयोग, करुणा, संवेदनशीलता एवं सामाजिक समरसता जैसे मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाना तथा समाज में आनंदमय वातावरण का निर्माण करना था।

कार्यक्रम में बताया गया कि मित्रता केवल एक संबंध नहीं, बल्कि समाज में विश्वास, सद्भाव और मानवता को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। राज्य आनंद संस्थान द्वारा संचालित आनंद गतिविधियाँ समाज में सकारात्मक सोच, आत्मीयता और मानवीय मूल्यों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर डॉ. साक्षी सहारे, कैलाश सोनेवार, श्रीमती रजनी कवरेती, डॉ. नवीन कुमार वर्मा एवं डॉ. वैशाली गुप्ता ने विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सच्ची मित्रता जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर इंसानियत को जोड़ने का कार्य करती है। आज के समय में समाज को ऐसे संबंधों की आवश्यकता है, जो विश्वास, सहयोग और सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत करें।

इस अवसर पर आनंद सहयोगी डॉ. रानी साहू, श्री महेश वंदेवार एवं डॉ. पवन नेमा सहित अनेक आनंदकों ने सहभागिता की। सुश्री आराधना पवार, श्रीमती ललीतामनी सरवैया एवं सचिन सूर्यवंशी ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सकारात्मक पहल, संवेदनशील व्यवहार और सच्ची मित्रता से समाज में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने दोस्ती के ज़रिए इंसानियत को बांटना थीम को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा प्रेम, सहयोग, सद्भाव, सहिष्णुता और मानवीय मूल्यों के प्रसार का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए समाज में आनंद, आत्मीयता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।
Share News On