Home News Helpline Classified Jobs About Contact

भारत स्काउट एवं गाइड जिला कार्यकारिणी ने बनाई कार्ययोजना

 भारत स्काउट एवं गाइड जिला कार्यकारिणी ने बनाई कार्ययोजना
शिक्षा
30-Jul-26
आगामी सत्र की कार्ययोजना की गई तैयार 

छिंदवाड़ा

भारत स्काउट एवं गाइड, मध्यप्रदेश एवं जिला संघ छिंदवाड़ा की जिला कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में स्काउट-गाइड गतिविधियों को जिले में अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आगामी सत्र की कार्ययोजना तैयार की गई।

बैठक का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी एवं आयुक्त स्काउट श्री जे.के. इरपाचे के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट-गाइड की परंपरा के अनुसार ईश प्रार्थना से हुआ। इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त तुकाराम दुर्गे, जिला संघ अध्यक्ष विनोद तिवारी, उपाध्यक्ष अखिलेश चौहान, मनोज आरपुरे एवं आजीवन सदस्य परेश वर्मा सहित जिला संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला मुख्य आयुक्त तुकाराम दुर्गे ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रप्रेम विकसित करने का सशक्त माध्यम है। वहीं जिला संघ अध्यक्ष विनोद तिवारी ने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण मंच है। साहसिक गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों जीवन की विषम परिस्थितियों में भी सकारात्मक सोच और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ना सीखते हैं।

बैठक में वर्षभर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों, दल पंजीयन, वार्षिक गतिविधियों, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला सचिव राजेंद्र सरबरे ने वार्षिक आय-व्यय एवं जिला प्रशिक्षण केंद्र के विकास कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।

अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व की भावना विकसित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Share News On