Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

विद्यार्थी परिषद ने प्रदर्शन कर प्राचार्य को बताई समस्याएं

विद्यार्थी परिषद ने प्रदर्शन कर प्राचार्य को बताई समस्याएं
छिंदवाड़ा
19-May-26
छिंदवाड़ा 

विद्यार्थी परिषद जिला संयोजक पीयूष श्रीवास के नेतृत्व में पीजी कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर प्राचार्य को अवगत कराया गया। श्रीवास ने बताया कि अग्निवीर परीक्षा के कारण उसी दिन होने वाली महाविद्यालय परीक्षा को स्थगित कर आगे बढ़ाने की मांग की गई, क्योंकि एन.सी.सी. के कई छात्र परीक्षा हेतु विभिन्न जिलों में जाएंगे जिससे उनकी महाविद्यालय परीक्षा प्रभावित हो सकती है। महाविद्यालय परिसर में स्थित पानी की टंकी, जिसे हटाने के आदेश पूर्व में दिए जा चुके हैं, अभी तक नहीं हटाई गई है। परिषद ने किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने हेतु उसे शीघ्र हटाने की मांग की।  नए सत्र में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ होने के कारण परिसर में बाहरी व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ रही है।

परिषद ने मांग की कि महाविद्यालय परिसर में केवल विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाए ताकि व्यवस्था बनी रहे। नए विद्यार्थियों को दस्तावेज एवं प्रवेश संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने हेतु पूर्व वर्षों की भांति एक अस्थायी सहायता केंद्र (टेंपररी डिपार्टमेंट) बनाए जाने की मांग की गई, जिससे विद्यार्थियों को भटकना न पड़े। महाविद्यालय के मुख्य द्वार एवं प्रवेश द्वार के सामने स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग की गई ताकि लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर नियंत्रण किया जा सके। परीक्षा के दौरान महाविद्यालय में पंखों एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की समस्या उठाई गई। परिषद ने परीक्षा अवधि में विद्यार्थियों के लिए समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। 

महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता की कमी, विभिन्न विभागों में डस्टबिन की अनुपलब्धता एवं बॉयस टॉयलेट की खराब सफाई व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया। गर्ल्स कॉमन रूम में वेंडिंग मशीन उपलब्ध नहीं होने तथा उपलब्ध मशीन के सही ढंग से कार्य न करने की समस्या रखी गई। साथ ही गर्ल्स टॉयलेट में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने की मांग की गई।  इस दौरान जिला संयोजक पियुष श्रीवास एवं परिषद के कार्यकर्ता सुशील श्रीवास, अमन भावरकर, हिमांशु राजपूत, सुरभि धुर्वे, फिरदोज अंजुम, रोहिणी उइके, हरीश उर्वे एवं विधान मिश्रा उपस्थित रहे। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आगामी समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Share News On