पेशा मोबिलाईजर ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर नौकरी मांगी
छिंदवाड़ा
22-May-26
भोपाल में विकास भवन के घेराव का किया ऐलान
छिंदवाड़ा
जनजातीय ग्राम पंचायतों में कार्यरत 270 पेशा मोबिलाईजर को नौकरी से निकाले जाने के विरोध में संगठन की ओर से कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर नौकरी बहाल करने, नियमित नौकरी देने, न्यूनतम वेतन देने की मांग की जोरदार तरीके से उठाई गई। यदि सरकार ने सात दिन में आदेश वापस नहीं लिया तो आने वाले दिनों में भोपाल के विकास भवन का घेराव किया जाएगा, जहां से नौकरी से हटाने का आदेश निकला है।
प्रदर्शन से पहले दीन दयाल पार्क में जिला अध्यक्ष अशोक उईके, तामिया ब्लॉक अध्यक्ष अनिल उइके के नेतृत्व में धरना दिया, जिसमें बिछुआ ब्लॉकअध्यक्ष मुरली धर उइके , हरई ब्लॉक अध्यक्ष संजूराम धुर्वे , समस्त पेसा टीम महेश उइके, सविन सरयाम , किरण नर्रे सहित सैकडों की संख्या में पेशा मोबिलाईजर शामिल हुए। मोबिलाईजर के धरना प्रदर्शन को अस्थाई, आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा, जनपद अध्यक्ष बिछुआ सतीश भलावी युवा क्रांति मोर्चा से प्रवीण धुर्वे ने समर्थन दिया और सरकार के नौकरी से निकालने के निर्णय को जनजातियों समुदाय के अधिकारों के खिलाफ बताते हुए कहा कि पेशा मोबिलाईजर को निकालने का मतलब है सरकार पेशा कानून को खत्म करना चाहती है लेकिन हम लोग ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे, जरूरत पडी तो राजधानी की सड़कों पर संग्राम करेंगे।
गोंडवाना पार्टी मोबिलाईरों के साथ संघर्ष करेंगी: प्रवीण धुर्वे
युवा क्रांति मोर्चा के अध्यक्ष प्रवीण घुर्वे ने भी मोबिलाईजरों के धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नौकरी से निकालने के आदेश को सरकार का तानाशाहीपूर्ण निर्णय बताते हुए कहा कि इस आदेश को वापस कराने के लिए पूरी ताकत से संघर्ष किया जाएगा,गोंडवाना पार्टी, पूरा आदिवासी समुदाय मोबिलाईजरों के साथ है। उन्होंने भोपाल में होने वाले प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि युवा क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ता भी बडी संख्या में भोपाल पहुंचेंगे। धरने को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेता एवं बिछुआ जनपद पंचायत के अध्यक्ष सतीश भलावी ने भी संबोधित करते हुए आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार से आदेश वापस लेने की मांग की।