Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

रामनवमी और हनुमान जयंती पर हादसों को टालने शांति समिति ने लिए निर्णय

रामनवमी और हनुमान जयंती पर हादसों को टालने शांति समिति ने लिए निर्णय
छिंदवाड़ा
23-Mar-26
जुलूस, रैली के दौरान लोहे के पाइप में झंडा नहीं लगाने दिए निर्देश 

छिंदवाड़ा

27 मार्च को रामनवमी और 02 अप्रैल को हनुमान जयंती का पर्व मनाने की तैयारियां जोरशोर से शुरू हो गई है। इन त्यौहारों के दौरान कानून, शांति एवं अन्य व्यवस्था बनाये जाने के संबंध में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक  अजय पाण्डेय की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों से चर्चा के उपरांत विभिन्न सुझाव लिए गए और संबंधित अधिकारियों को तदनुरूप आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। शांति समिति के सभी सदस्यों ने ईद - उल - फितर पर्व के दौरान प्रशासन - पुलिस द्वारा की गई बेहतर कानून व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया और आगामी सभी त्यौहारों में भी पूरा सहयोग करते हुए सद्भाव, अमन और भाईचारे से त्यौहार मनाए जाने का भरोसा प्रशासन- पुलिस को दिलाया है।

कलेक्टर श्री नारायन ने चल समारोहों और रैलियों के दौरान लोहे के पाइप में झंडा न लगाने और डी.जे. वाहन के ऊपर किसी को भी चढ़ने न देने के संबंध में विशेष रूप से आग्रह किया। पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने आश्वत किया कि इस बार भी प्रशासन - पुलिस की सभी व्यवस्थाएं चाक - चौबंद रहेंगी। साथ ही आवश्यकता अनुरूप सभी आयोजन स्थलों पर आवश्यक पुलिस बल लगाने के लिए आश्वत किया।

कलेक्टर श्री नारायन ने समिति के सदस्यों से विभिन्न सुझाव और फीडबैक लेने के उपरांत निर्देश दिए कि सभी आयोजन स्थलों, शोभायात्रा, जुलूस मार्ग, कलश मार्ग, जवारे विसर्जन मार्ग एवं जवारे विसर्जन स्थल छोटा तालाब में साफ-सफाई, गोताखोरों, प्रकाश, पेयजल की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करें। अतिक्रमण हटवाएं। यातायात व्यवस्था के लिए समुचित प्लानिंग कर लें। फायर बिग्रेड, एंबुलेंस आदि तैयार रखें। पर्व के दौरान विद्युत प्रवाह निरंतर चालू रखें और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समिति के सदस्यों से आग्रह किया कि पर्वों के दौरान शुद्ध एवं साफ प्रसाद का वितरण होना ही सुनिश्चित किया जाए। खाद्य निरीक्षक को प्रसाद की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपलिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि शोभा यात्रा, बाइक रैली अथवा चल समारोह निकाले जाने के लिए एसडीएम के माध्यम से लिखित अनुमति लेनी होगी। जुलूस में धारदार हथियार के प्रदर्शन एवं उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। रैली में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि चूंकि जिले में डी.जे. प्रतिबंधित है, इसलिए लाउड स्पीकर का उपयोग अत्यंत धीमी गति से किया जाएगा। लाउड स्पीकर के उपयोग के लिए एसडीएम से नियमानुसार अनुमति लेना आवश्यक होगा।

इसके अतिरिक्त जिले के हिंगलाज मंदिर, कपूर्दा, शालीवाड़ा शारदा, कोसमी, सिमरिया हनुमान मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं करने और स्थानीय मंदिर समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी आयोजनों के दौरान आमजन को जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देते हुए  डस्टबिनों का उपयोग करने और कचरा न फैलाने के लिए जागरूक करने की अपील की गई है।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एएसपी आशीष खरे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, नगर निगम आयुक्त सी.पी.राय, डीएसपी ट्रैफिक आर.पी. चौबे सहित बिजली, पी.डब्लू.डी. सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं समिति के शासकीय एवं अशासकीय सदस्यगण मौजूद थे।

Share News On