रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा की नई टीम ने संभाला दायित्व
छिंदवाड़ा
19-Jul-26
विनित पटौदी बने अध्यक्ष, जयेश गुप्ता सचिव; सेवा कार्यों के नए संकल्प के साथ ली शपथ

छिंदवाड़ा
रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा की इंस्टॉलेशन सेरेमनी शनिवार को होटल जेपी इन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए रोटरी क्लब की नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया। रोटे विनित पटौदी ने अध्यक्ष तथा रोटे जयेश गुप्ता ने सचिव पद की शपथ ली। वहीं अमित मक्कड़ को कोषाध्यक्ष सहित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने भी अपने नए दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटरी के डीजीएन रोटे सुखदेव सिंह घुम्मन थे। विशेष अतिथि के रूप में डीजीई रोटे मुकेश साहू, एसडीएम सुधीर जैन तथा इंस्टॉलेशन ऑफिसर एवं असिस्टेंट गवर्नर रोटे विनोद तिवारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने रोटरी के संस्थापक पॉल हैरिस एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समारोह के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष रोटे विनोद तिवारी एवं सचिव रोटे निलेश गुप्ता ने नए अध्यक्ष एवं सचिव को कॉलर पिन हस्तांतरित कर पदभार सौंपा। नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाते हुए रोटे विनोद तिवारी ने रोटरी के सेवा मूल्यों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
120 सेवा प्रोजेक्ट्स के लिए मिली सराहना
निवर्तमान अध्यक्ष रोटे विनोद तिवारी ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि रोटरी क्लब ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, दिव्यांगजन सहायता, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लगभग 120 सेवा प्रोजेक्ट संचालित किए। उत्कृष्ट कार्यों के लिए क्लब को डिस्ट्रिक्ट स्तर पर आउटस्टैंडिंग रोटरी क्लब एवं बेस्ट प्रेसिडेंट सहित 22 पुरस्कार प्राप्त हुए।
क्लब सचिव रोटे निलेश गुप्ता ने वर्षभर के सेवा कार्यों की पॉवर पॉइंट प्रस्तुति दी, जिसकी अतिथियों ने सराहना की। इस अवसर पर वर्षभर के प्रोजेक्ट्स पर आधारित रोटरी दर्पण पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
दो नए सदस्यों का हुआ स्वागत: समारोह में भूषण शिरपुरकर एवं सीए प्रियांक अजमेरा को रोटरी क्लब की सदस्यता प्रदान की गई। उन्हें रोटरी पिन लगाकर क्लब परिवार में शामिल किया गया।
सेवा कार्यों को देंगे नई दिशा
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटे विनित पटौदी ने कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, पर्यावरण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में जनहितैषी प्रोजेक्ट संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूरी टीम के सहयोग और वरिष्ठ रोटेरियनों के मार्गदर्शन में क्लब समाज के जरूरतमंद लोगों तक सेवा पहुंचाने का कार्य करेगा।
मुख्य अतिथि रोटे सुखदेव सिंह घुम्मन ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोटरी विश्व का सबसे अनुशासित एवं सेवा भावी संगठन है, जो वैश्विक स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य और मानवीय सेवा के बड़े प्रोजेक्ट संचालित कर रहा है। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा को डिस्ट्रिक्ट का आदर्श क्लब बताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि एसडीएम सुधीर जैन ने रोटरी क्लब से शासन की जनभागीदारी योजनाओं में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रोटेरियन समाज और शासन के बीच सेतु बनकर जनहित के कार्यों को नई दिशा दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान परासिया रोटरी क्लब के सदस्य रोटे मुकेश काले के सड़क दुर्घटना में निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अंत में सचिव रोटे जयेश गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राजेश साहू एवं अर्पित नेमा ने किया।