Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सांसद ने भगवान श्री जगन्नाथ का रथ खिंचकर आगे बढाया

सांसद ने भगवान श्री जगन्नाथ का रथ खिंचकर आगे बढाया
धर्म
16-Jul-26
श्री जगन्नाथ रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

छिंदवाड़ा

विगत कई वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही श्री जगन्नाथ रथयात्रा गुरुवार को धर्मनगरी छोटी बाज़ार स्थित पावर हाउस परिसर और गांधीगंज छिंदवाड़ा से अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ निकाली गई। इन रथयात्राओं ने सांसद बंटी विवेक साहू प्रमुख रूप से शामिल भी हुए। रथयात्राओं का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं माता सुभद्रा के विग्रहों को भव्य एवं सुसज्जित रथ में विराजमान कर किया गया। रथयात्राओं के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने भगवान श्री जगन्नाथ के रथों को अपने हाथों से रस्सी खिंचकर आगे भी बढाया। छोटी बाज़ार स्थित पावर हाउस परिसर से निकाली गई रथयात्रा के दौरान सांसद श्री साहू ने रथयात्रा के मार्ग में झाडू लगाकर मार्ग को साफ भी किया। सांसद श्री साहू ने रथों में सवार भगवान श्री जगन्नाथ की पूजा अर्चना भी की।

              छोटी बाज़ार स्थित पावर हाउस परिसर से निकाली गई रथयात्रा में लगभग 50 लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। डीजे, ढोल-नगाड़ों, जयघोष, ध्वज-पताकाओं और भक्ति संगीत के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्तों ने जय जगन्नाथ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

           रथयात्राओं का विभिन्न स्थानों पर सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। श्री बड़ी माता मंदिर ट्रस्ट, श्री शैलपुत्री माता मंदिर, ब्रह्म समाज मंडल, बालाजी सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने रथयात्राओं का भव्य स्वागत कर भगवान श्री जगन्नाथ का पूजन-अर्चन किया। छोटी बाज़ार स्थित पावर हाउस परिसर से निकाली गई रथयात्रा का समापन श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर परिसर में हुआ। इसके उपरांत रथयात्रा वर्धमान सिटी स्थित आराधना स्थल पहुँची, जहाँ भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री महाप्रभु श्री जगन्नाथ समिति ने रथयात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों, मीडिया बंधुओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
Share News On