Home News Helpline Classified Jobs About Contact

अमित सक्सेना का भाजपा छोड़ना व्यक्तिगत निर्णय: शेषराव यादव

अमित सक्सेना का भाजपा छोड़ना व्यक्तिगत निर्णय: शेषराव यादव
राजनीति
17-Oct-26
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है पार्टी  

छिंदवाड़ा अपडेट

जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना के भाजपा की प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा देने और कांग्रेस में शामिल होने के निर्णय पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का पार्टी छोड़ना उसका व्यक्तिगत निर्णय है, लेकिन किसानों के मुद्दों को राजनीतिक निर्णयों से जोड़कर प्रस्तुत करना उचित नहीं है। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसानों की समस्याओं को उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इन मुद्दों पर संगठनात्मक अनुशासन और संवाद भी उतना ही आवश्यक है। भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है और जनहित से जुड़े विषयों पर संगठन गंभीरता से विचार करता है।

उन्होंने कहा कि यदि अमित सक्सेना को किसानों की समस्याओं को लेकर कोई आपत्ति थी, तो वे संगठन के समक्ष अपनी बात रख सकते थे। संगठनात्मक विषयों पर संवाद और निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से समाधान निकाला जा सकता है। ऐसे में पार्टी छोड़ने के निर्णय को किसानों के हितों की लड़ाई से जोड़ना उचित नहीं है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार किसानों के कल्याण, कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। भाजपा का उद्देश्य किसानों को राजनीतिक मुद्दा बनाना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि भाजपा संगठन जनसेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य करता है। किसी एक व्यक्ति के पार्टी छोड़ने से संगठन की विचारधारा, कार्यकर्ताओं का मनोबल और जनसेवा का संकल्प प्रभावित नहीं होगा। भाजपा कार्यकर्ता किसानों और आम जनता के हितों के लिए पहले की तरह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
Share News On