Home News Helpline Classified Jobs About Contact

बैलगाड़ी में सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे नकुलनाथ

बैलगाड़ी में सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे नकुलनाथ
राजनीति
17-Oct-26
किसान कर्जमाफी योजना दोबारा चालू कर कर्ज माफ करें सरकार

छिन्दवाड़ा अपडेट

पांढुर्ना के संत जगनाड़े चौक पर आयोजित किसान आंदोलन में जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ जमकर गरजे।  खुले मंच से सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के साथ जारी अन्याय और अत्याचार को सरकार तत्काल बंद करें। किसान भाइयों की मांगों को पूरा करें, अन्यथा पांढुर्ना से प्रारंभ यह आंदोलन आवश्यकता पड़ने पर भोपाल तक जाएगा और दिल्ली की संसद तक भी पहुंचेगा। किसान आंदोलन को सम्बोधित करने के उपरांत कांग्रेस नेता नकुलनाथ, बड़ी संख्या में किसान भाई, कांग्रेस के जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्तागण व आमजन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान नकुलनाथ बैलगाड़ी में सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपकर किसानहित में सम्पूर्ण मांगों को अविलम्ब पूरा करने की मांग की।

पिछले ढाई साल में एक दर्जन से अधिक हो चुके हैं किसान आंदोलन

किसान आंदोलन में जुटे अपार किसान भाइयों व आमजन को सम्बोधित करते हुए नकुलनाथ ने कहा कि नागपुर से पांढुर्ना पहुंचने तक जगह-जगह रूका, किसान भाइयों से भेंट की, खेत और उपज देखी, फसलें खराब और खेत व कुएं सूखे पड़े हैं। मन बहुत दुखी और व्यथित है, क्योंकि आज अन्नदाता परेशान है। सरकार सिर्फ कोरे आश्वासन दे रही। मैं पिछले लगभग ढ़ाई साल में एक दर्जन से अधिक किसान आंदोलन कर चुका हूं। 

गूंगी बहरी है भाजपा सरकार

उन्होंने कहा गूंगी, बहरी भाजपा की सरकार किसानों की पीड़ा नहीं देख सकती, उनकी पुकार सुन नहीं सकती। कमलनाथ जी मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने सबसे पहले किसान कर्जमाफी योजना की फाइल पर हस्ताक्षर किए। प्रथम बार में ही छिन्दवाड़ा और पांढुर्ना जिले के 75 हजार किसान भाइयों का कर्ज माफ हुआ, आगे भी होता, लेकिन भाजपा ने कांग्रेस की सरकार गिरा दी। कमलनाथ जी की सरकार में सभी को पर्याप्त और 24 घंटे बिजली मिलती थी। आज बिजली की ट्रिपिंग, खराब ट्रांसफार्मर और बमुश्किल दो से ढ़ाई घंटे बिजली मिल रही। बिजली विभाग नोटिस भेज रहे, कनेक्शन काटे जा रहे, फर्जी मीटर की रीडिंग ये सबकुछ भाजपा की सरकार में मिल रहा और चल रहा है।

कांग्रेस लड़ेगी ओबीसी वर्ग की लड़ाई

कांग्रेस नेता नकुलनाथ ने आगे कहा कि कमलनाथ जी ने अपने मुख्यमंत्रीत्व कार्यकाल में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया। भाजपा ने वह छीन लिया है, लेकिन कांग्रेस ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए वचनबद्ध है। कांग्रेस अन्य पिछड़ा वर्ग की लड़ाई लड़ेगी और उन्हें उनका अधिकार दिलाकर रहेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पांढुर्ना जिले की सीमा महाराष्ट्र से लगी हुई है, अगर महाराष्ट्र में भाजपा सरकार किसानों को मुआवजा दे सकती है, तो मप्र में क्यों नहीं? मैं भाजपा सरकार से मांग करता हूं कि जो किसान कर्जमाफी योजना कांग्रेस सरकार में कमलनाथ जी ने शुरू की थी, उसे दोबारा चालू करिए, दोबारा किसानों का कर्ज माफ किए जाएं। छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र मक्का, कपास और संतरे के लिए जाने जाते हैं। अंत में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में भाजपा सरकार से किसानहित में आग्रह किया कि तत्काल किसानों का कर्ज माफ हो, मुआवजा दिया जाए और पांढुर्ना जिले को सूखाग्रस्त घोषित करें। आज यह आंदोलन पांढुर्ना से शुरू कर रहे हैं और जरूरत पड़ी तो भोपाल तक जाएंगे, मांगें नहीं मानी तो दिल्ली की संसद तक भी जाएंगे। आयोजित आंदोलन व ज्ञापन में पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण, किसान भाई व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।




Share News On