समर्थकों के साथ अमित सक्सेना की घर वापसी
राजनीति
17-Oct-26
नकुलनाथ ने कांग्रेस पार्टी का गमछा पहनाकर सभी का स्वागत किया

छिन्दवाड़ा अपडेट
जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ के समक्ष कांग्रेस कार्यालय में जिला पंचायत उपाध्यक्ष व भाजपा नेता अमित सक्सेना ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेता नकुलनाथ ने अमित सक्सेना साथ राजीव भवन पहुंचे समर्थकों का कांग्रेस पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया।
सभी के लिए नहीं खुलेंगे कांग्रेस के दरवाजे: नकुलनाथ
आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस नेता नकुलनाथ ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि घर वापसी अभियान प्रारंभ किया जाएगा। कांग्रेस में घर वापसी की शुरुआत छिन्दवाड़ा से हो चुकी है। छिन्दवाड़ा मॉडल से इस अभियान की शुरुआत हुई है यह हमारे लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दरवाजे खुले हैं, लेकिन सिर्फ उन लोगों के लिए जिन्हें अपनी गलती का एहसास हो। जो गलती स्वीकार करेंगे, उनके लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं, लेकिन सभी के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि पांढुर्ना जिले में हुए किसान आंदोलन में साफ दिखाई दिया की जनता में मौजूदा सरकार के खिलाफ आक्रोश है, क्योंकि समाज का हर वर्ग त्रस्त और परेशान है। उन्होंने अंत में समस्तजनों को नवरात्रि की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी।
कमलनाथ ने बनाया मुझे और मेरे पिता को नेता: अमित सक्सेना
अमित सक्सेना ने सम्बोधित करते हुए कहा कि उनके पिता और उन्हें नेता बनाने वाले कमलनाथ जी है। मैंने उन्हें धोखा दिया वह दुर्भाग्य से लिया गया निर्णय था। उन्होंने अपने निर्णय पर पछतावा करते हुए कमलनाथ जी, नकुलनाथ जी सहित उपस्थित समस्त कांग्रेसजन परिवार के सदस्यों से क्षमा मांगी। उन्होंने कहा क्षमा के अलावा कोई दूसरा शब्द नहीं है। भूल हुई है इसके लिए माफी मांगता हूं। उन्होंने आगे कहा कि कमलनाथ जी एवं नकुलनाथ जी जैसा जनप्रतिनिधि छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र को कभी नहीं मिल सकता। भाजपा में ऐसी पार्टी है जहां संगठन पर बात होती है विकास पर कोई बात नहीं होती। जनता की समस्याओं से ज्यादा उनके लिए पार्टी की समस्याएं प्राथमिकता होती है। विकास ठप पड़ा है, शासकीय योजनाओं में राशि नहीं है, ठेकेदारों के भुगतान नहीं हो रहे, किसान सूखे से परेशान है, लेकिन भाजपा इन समस्याओं पर नहीं बल्कि पार्टी को मजबूत करने की बात करती है।
इन्होंने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता
विजय दाढ़े, अनुपम सक्सेना, मनोज साहू, रामस्वरूप मर्राफा, कैलाश पाल, दिलीप सक्सेना, डॉ. लीलाधर विश्वकर्मा, डॉ. अजय विश्वकर्मा, छब्बीलाल विश्वकर्मा, देवेन्द्र पटेल, सचिन धुर्वे, राजा धुर्वे, साजन डेहरिया, वरूण धुर्वे, नरेन्द्र सिंह रघुवंशी, संत सिह चन्द्रवंशी, प्रदीप सूर्यवंशी, मानू प्रताप सक्सेना, प्रकाश गौतम, अमित डेहरिया, पंकज पटेल, शिवम डेहरिया, रामकिशन परतेती, पंकज पटेल, अजय कुमरे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्तागणों ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।