उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक में उठा पानी, बिजली, स्ट्रीट लाईट का मुद्दा
बिजनेस
21-Sep-26
कई बार मुद्दा उठा लेकिन समस्या का हल नहीं निकला
कलेक्टर ने कहा निवेशकों को शीघ्र स्वीकृतियाँ प्रदान की जाएँ
जिले में कुल 1701.41 करोड़ का होगा निवेश, 4135 लोगों को मिलेगा रोजगार

छिन्दवाडा
जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड तथा जिला स्तरीय निवेश संवर्धन एवं समन्वय समिति की संयुक्त बैठक सोमवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्थापित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने, निवेश प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही औद्योगिक विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निवेशकों को शीघ्र स्वीकृतियाँ प्रदान की जाएँ तथा उद्योग स्थापना में आ रही समस्याओं का समयबद्ध निराकरण किया जाए। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष सौरभ राय द्वारा औद्योगिक क्षेत्र इमलीखेड़ा में लगातार आ रही पानी, बिजली, स्ट्रीट लाईट की समस्याओं से अवगत कराया गया। जिसके लिए कलेक्टर श्री नारायन ने आश्वस्त कराया कि संबंधित विभागों द्वारा पूर्ण रूप से सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने उद्योगपतियों को संघ बनाने हेतु सुझाव दिया, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों की छोटी - मोटी समस्याओं का स्वयं निराकरण करने एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के रखरखाव का कार्य सरलता से किया जा सके।
कलेक्टर श्री नारायन द्वारा जिले के इच्छुक निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा भी की गई। निवेशकों द्वारा उद्योग स्थापित करने में आ रही समस्याओं के बारे में बताया गया एवं निराकरण के सम्बन्ध में कलेक्टर श्री नारायन के समक्ष सुझाव भी रखे। महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र श्रीमती ओजस्वी शर्मा ने अवगत कराया कि बैठक में उपस्थित निवेशकों द्वारा जिले में कुल 1701.41 करोड़ का निवेश किया जाकर कुल 4135 लोगों को रोजगार प्रदाय किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित निवेशकों में से 03 निवेशकों द्वारा कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट स्थापित किया जा रहा है एवं कृष्णकांत राठी द्वारा 125 करोड़ का निवेश किया जाकर एथेनॉल प्लांट चौरई विकासखंड में स्थापित किया जा रहा है। ऐसी इकाईयां स्थापित होने से जिले में नवीकरणीय ऊर्जा के द्वार खुल रहे हैं। साथ ही जिले में रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
इस संयुक्त बैठक में अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी निवेश प्रोत्साहन केंद्र धीरेन्द्र सिंह, सदस्य सचिव एवं महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्रीमती ओजस्वी शर्मा एवं समिति के सदस्यों में आयुक्त नगर निगम, एमपीआईडीसी, विद्युत मंडल, श्रम, खनिज विभाग व जिला शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष सौरभ राय व सचिव सुधीर शर्मा, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सुंदर चांडक एवं सचिव विशाल माहेश्वरी, दलित चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नरेश पीपले सहित जिले के अन्य उद्योगपति उपस्थित थे।