चंपारण हांडी, केडी रेस्टॉरेंट सहित कई होटलों में पहुंची निरीक्षक टीम
छिंदवाड़ा
18-Sep-26
छिंदवाड़ा, अमरवाड़ा और जामई के होटलों का किया औचक निरीक्षण
दो दिवस में कमियां दूर करने के निर्देश, होटल संचालकों को स्वच्छता एवं खाद्य गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत

छिन्दवाडा
जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर निरीक्षण, निगरानी एवं नमूना कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में विगत तीन दिनों से होटलों में हाइजीन एवं भोजन की गुणवत्ता को लेकर सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत गत दिवस तीन टीमों द्वारा जिले की तीन प्रमुख तहसीलों छिंदवाड़ा शहर, अमरवाड़ा एवं जामई में होटलों का औचक निरीक्षण किया गया। छिंदवाड़ा शहर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा की टीम द्वारा चंपारण हांडी, होटल द अर्जुन एवं केडी रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। वहीं, अमरवाड़ा क्षेत्र में श्री पंकज कुमार घाघरे की टीम ने प्रिय होटल, लवी ढाबा एवं तुलसा होटल का निरीक्षण किया। जामई क्षेत्र में सुश्री संध्या मार्काे की टीम द्वारा फूड जंक्शन, श्रेजा रेस्टोरेंट एवं कन्हान रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान होटलों के भंडार गृह, जहां भोजन बनाने के लिए कच्चे खाद्य पदार्थों का भंडारण किया जाता है, ग्राहकों को पिलाए जाने वाले पानी, किचन एवं नालियों की व्यवस्थाओं तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य की स्थिति का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कुछ सामान्य कमियां पाई गईं, जिनमें स्टाफ के मेडिकल सर्टिफिकेट का नहीं होना, कच्चे खाद्य पदार्थों के संग्रहण स्थल पर साफ-सफाई की कमी, नालियों के ड्रेनेज फ्लो का व्यवस्थित नहीं होना तथा वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट का उपलब्ध नहीं होना शामिल है।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लगातार किए जा रहे औचक निरीक्षण से होटलों की व्यवस्थाओं में एक ओर सुधार देखने को मिल रहा है, वहीं कुछ व्यापारी अभी भी खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन में लापरवाही बरत रहे हैं। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के लिए सभी संबंधित होटल संचालकों को दो दिवस के भीतर कमियों की पूर्ति करने के निर्देश दिए गए हैं।