पॉलिटेक्निक कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने ली प्राचार्यों की बैठक
छिंदवाड़ा
18-Sep-26
संस्था के विकास एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर हुई चर्चा

छिन्दवाडा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में गत दिवस शासकीय शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज खिरसाडोह की जनभागीदारी समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में संस्था के विकास एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में संस्था के विकास के लिये पीडब्ल्यूडी से प्राप्त प्राक्कलन पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों के पठन-पाठन के लिए आधुनिक एवं सुसज्जित दो भवनों के निर्माण कार्य का प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश पीडब्ल्यूडी अभियंता को दिए गए। इसके अलावा बिल्डिंग इलेक्ट्रिक वायर फिटिंग, लाइब्रेरी रिनोवेशन, पुस्तकों का क्रय, सुरक्षा एवं सफाई संबंधी कार्यों के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से पांच कर्मचारियों को रखने, भवन की पुताई, प्रवेश गेट निर्माण एवं फर्नीचर क्रय के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। संस्था की जमीन का सीमांकन कराने के निर्देश भी दिए गए।
संस्था में जनभागीदारी समिति के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों के करियर उन्नयन के लिये प्रस्ताव पारित किए गए। प्राचार्य श्री एच.डी. पाटिल द्वारा कुल 15 प्रस्ताव समिति के समक्ष रखे गए। बैठक में इंदिरा गांधी पॉलिटेक्निक कॉलेज छिंदवाड़ा के प्राचार्य डॉ. आलोक यादव, शासकीय पॉलिटेक्निक सिवनी के व्याख्याता श्री देवेश मेहरा, एसडीओ पीडब्ल्यूडी श्री ठाकुर, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता श्री पटेल, कोषालय अधिकारी, संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता श्री कुंदन सिंह एवं श्री लीलेंद्र वासनिक, पूर्व अध्ययनरत छात्र श्री मुकेश नाग तथा छात्रों के अभिभावक उपस्थित थे। अंत में प्राचार्य श्री एच.डी. पाटिल द्वारा समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।