Home News Helpline Classified Jobs About Contact

प्रमुख सचिव सिंह ने किया आईटीआई का निरीक्षण

प्रमुख सचिव सिंह ने किया आईटीआई का निरीक्षण
छिंदवाड़ा
18-Sep-26
प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर प्रशिक्षणार्थियों से किया संवाद

छिन्दवाडा

मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के प्रमुख सचिव श्री मनीष सिंह (आईएएस) ने शुक्रवार को शासकीय नोडल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) छिंदवाड़ा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संस्था की विभिन्न कार्यशालाओं का निरीक्षण करते हुए टर्नर, मशीनिस्ट, ग्राइंडर सहित विभिन्न व्यवसायों में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के प्रायोगिक प्रशिक्षण, मशीनों के संचालन एवं कार्यशाला में उपलब्ध प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

प्रमुख सचिव श्री सिंह ने प्रशिक्षणरत प्रशिक्षणार्थियों से सीधे संवाद कर उनके ट्रेड, प्रशिक्षण एवं प्रायोगिक ज्ञान से संबंधित प्रश्न किए। प्रशिक्षणार्थियों द्वारा दिए गए उत्तरों एवं उनके व्यावहारिक ज्ञान से वे संतुष्ट नजर आए। भ्रमण के दौरान प्रमुख सचिव श्री सिंह ने संस्था में सोलर से संबंधित व्यवसाय प्रारंभ करने तथा पुरानी एवं आउटडेटेड मशीनों के स्थान पर आधुनिक तकनीक और वर्तमान औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप नई मशीनें उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। उन्होंने संस्था में प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट की स्थिति पर भी संतोष व्यक्त किया।

 प्रमुख सचिव श्री सिंह ने संस्था में संचालित प्रशिक्षण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रशिक्षणार्थियों की तैयारी पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने शासकीय नोडल आईटीआई छिंदवाड़ा को सफल एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करने वाली संस्था के रूप में उल्लेखित करते हुए कहा कि यहां प्रशिक्षण का कार्य अच्छे ढंग से संचालित हो रहा है। प्रमुख सचिव श्री सिंह की सकारात्मक प्रतिक्रिया एवं मार्गदर्शन से संस्था के अधिकारियों, प्रशिक्षण अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह का संचार हुआ। संस्था परिवार ने इसे प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं टीम के सामूहिक प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन बताया।
Share News On