नौतपा की तपिश से बढ़ा तापमान, हुए हाल-बेहाल
छिंदवाड़ा
26-May-26
धूप में न निकले वर्ना लग सकती है लू
छिंदवाड़ा
सोमवार 25 मई से नौतपा की शुरूआत हो गई है। इन 9 दिनों तक सूर्य की किरणे पृथ्वी पर सीधे पड़ती है जिसके कारण तापमान में भारी उछाल और भीषण लू चलने की संभावना होती है। भारतीय ज्योतिष के अनुसार इस समय सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है जिसके कारण पारा 41 डिग्री सेल्सियस से 43 डिग्री सेल्सियस जाने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार कम से कम अगले 4 दिन तापमान में वृद्धि की संभावना को देखते हुए दोपहर में धूप में निकलने से बचें। यदि निकलना ही पड़ें तो अधिक तामपमान से बचने के उपाए जरूर अपने साथ रखें।
आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है। यहाँ अगले कुछ दिनों का सटीक पूर्वानुमान दिया गया है :-
बुधवार (27 मई) अधिकतम 43 न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस
गुरुवार (28 मई) अधिकतम 43 न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस
शुक्रवार के बाद तापमान में कमी आने की संभावना है।
लू और उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े
दोपहर की तपती गर्मी ने शहर में लू और उल्टी-दस्त के मरीजों में भी वृद्धि की है। इस समय जिला अस्पताल में लू और उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा दिखाई दे रही है जबकि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लू से बचने के लिए पहले भी अपील जारी की गई है।
खाने-पीने का रखे विशेष ध्यान
तेज गर्मी में पाचन क्रिया ठीक ढंग से नहीं हो पाती है इसलिए इन दिनों बासा खाना अथवा अधिक चटपटा खाने से बचना चाहिए। बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन भी इन दिनों खतरनाक साबित हो सकता है। छाछ, दही, लस्सी अथवा तरबूज, खरबूज आदि गर्मी से राहत देने वाली चीजों को खाना स्वास्थ्य के लिए अच्छा है।
प्यास लगने का इंतजार न करें, यह खतरनाक है!
प्यास लगना इस बात का संकेत है कि शरीर पहले ही डिहाइड्रेशन का शिकार हो चुका है। हर घंटे पानी पीते रहें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें कि वे पर्याप्त पानी पी रहे हों। हमेशा अपने पास पानी की बोतल रखें।
सबसे खतरनाक समयर : सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक
इस समय सूरज की किरणें सीधे शरीर पर पड़ती हैं। जितना हो सके घर के अंदर रहे। खेल-कूद कार्यक्रमों को लेकर सावधानी बरतें क्योंकि जान किसी भी मेडल से ज्यादा कीमती है।
काले रंग के कपड़े पहनने से बचें
वे ज्यादा गर्मी सोखते हैं। सफेद या हल्के गुलाबी जैसे हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
लू/हीट स्ट्रोक के लक्षण
यदि आपको तेज सिरदर्द, बेहोशी, उल्टी, बिना पसीने के सूखी त्वचा जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत व्यक्ति को छायादार जगह पर ले जाएं, गीले कपड़े से शरीर को पोंछें और तुरंत अस्पताल लेकर जाएं।