Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जबलपुर के चर्चित क्लेरेंस हत्याकांड की साजिश छिंदवाड़ा से जुड़ी

जबलपुर के चर्चित क्लेरेंस हत्याकांड की साजिश छिंदवाड़ा से जुड़ी
क्राइम
13-Jul-26
दो आरोपी गिरफ्तार

छिंदवाड़ा

जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित क्लेरेंस उर्फ राजा हत्याकांड की जांच में छिंदवाड़ा कनेक्शन सामने आया है। मामले में रांझी पुलिस ने छिंदवाड़ा निवासी दो आरोपियों भानु मालवी और रोहित विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर जबलपुर ले गई है।

पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल को हुए इस हत्याकांड की जांच के दौरान सामने आया कि मृतक क्लेरेंस और आरोपी पहले साझेदारी में कारोबार करते थे। छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित करीब 15 एकड़ जमीन के सौदे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने बाद में हत्या की साजिश का रूप ले लिया।

रांझी थाना टीआई उमेश गोल्हानी के मुताबिक, इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी विकास रिंकू नेल्सन उर्फ बाबा ईसाई सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि भानु मालवी और रोहित विश्वकर्मा ने क्लेरेंस को रास्ते से हटाने की योजना बनाने में भूमिका निभाई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने छिंदवाड़ा में दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि विवादित जमीन की रजिस्ट्री रोहित विश्वकर्मा की बहन के नाम कराए जाने की तैयारी थी, जिस पर क्लेरेंस ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। इसी के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले की विवेचना जारी है।

नोट:  यह खबर उपलब्ध पुलिस जानकारी पर आधारित है। आरोपियों के विरुद्ध आरोप सिद्ध होना शेष है और अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
Share News On