Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

निगम टैक्स के खिलाफ कांग्रेस ने किया हल्ला बोल

निगम टैक्स के खिलाफ कांग्रेस ने किया हल्ला बोल
छिंदवाड़ा
18-Sep-25

निगम कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन

छिन्दवाड़ा

भाजपा सरकार के आर्थिक अत्याचार से प्रताड़ित नगर पालिक निगम क्षेत्र की जनता को बचाने के लिए कांग्रेस पार्षद दल और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में हल्ला बोल प्रदर्शन किया गया। राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में एकजुट होकर कांग्रेसजन व नगर के आमजन रैली के रूप में बढ़े हुए टैक्स व भ्रष्टाचार की अर्थी लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर पालिक निगम कार्यालय पहुंचे, अपनी मांगों का ज्ञापन निगम कमिश्नर के नाम प्रस्तुत किया। 

कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-2025 में हुई निगम की एमआइसी की बैठक के उपरांत छिन्दवाड़ा नगर के विकास के नाम पर मध्यम वर्गीय नगरवासियों और विशेषकर निर्धन व मध्यम आय वाले लोगों को की अनदेखी करते हुए भाजपा ने मनमाने ढंग से कर का बोझ थोप दिया। टैक्स ने आम लोगों की आर्थिक स्थिति को कमजोर करने का काम किया है। सम्पत्ति कर में 10 प्रतिशत, स्वच्छता शुल्क दस गुना, जलकर में 49 प्रतिशत बढ़ाकर नगर की जनता पर निगम में काबिज भाजपा ने थोपा है। एमआइसी में बहुमत का ढिंढोरा पीटकर बिना निर्धारित प्रक्रिया के छलपूर्वक जनता पर बढ़ा हुआ कर थोपा है जिसे तत्काल वापस लिया जाए। 

कांग्रेस ने प्रस्तुत ज्ञापन में आगे कहा कि मनमाना कर थोपने के बावजूद भी निगम क्षेत्र की जनता को सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं मिल रहा है। स्वच्छ पेयजल की जगह दूषित जल पिलाया जा रहा। शहर की आंतरिक सड़कें खस्ता हाल व गड्डे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही जिसके लिए निगम जिम्मेदार है फिर भी निगम सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों के वार्डों में विकास कार्यों को साजिश के तहत बाधित किया जा रहा है। उपरोक्त बिन्दुओं पर ध्यानाकार्षण कर अविलम्ब शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार, बदहाल सड़कों का सुधार, शुद्ध व पर्याप्त पेयजल के इंतजाम, लम्बित कार्यों को अविलम्ब आरंभ कराएं साथ ही बढ़ा हुआ टैक्स तत्काल वापस लिया जाए। 
टैक्स व भ्रष्टाचार की निकाली अर्थी

राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय से बढ़े हुए टैक्स व भ्रष्टाचार की अर्थी लेकर निकले कांग्रेसजन दशहरा मैदान, जिला अस्पताल, फव्वारा चैक, एक्सीलेंस स्कूल, जनपद कार्यालय से कलेक्ट्रेट होते हुए निगम कार्यालय पहुंचे और बीच सड़क पर बैठकर जनहित में टैक्स को अविलम्ब कम किए जाने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन प्रस्तुत करने के उपरांत निगम के सामने बढ़े हुए टैक्स व भ्रष्टाचार की अर्थी को मुखाग्नि देने के साथ निगम का पुतला भी फूंका। 

कांग्रेस के वक्ताओं ने सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा शासित निगम ने जनता पर अप्रत्याशित कर थोपा है, जिससे नगर के सम्पूर्ण 48 वार्डों की जनता आर्थिक रूप से शोषित व प्रताडित हो रही है। निगम की जनता बढ़े हुए टैक्स और असुविधाओं से जूझ रही है। जनता पर थोपा गया टैक्स भाजपा का गब्बर सिंह टैक्स है जिसमें जनता को सुविधाएं कम और जनता के साथ लूट अत्याधिक है। निगम जनता से टैक्स वसूल रही है और सेवा जिले के सांसद की कर रहे। निगम में ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े वार्ड असुविधाओं का सामना कर रहे हैं इस ओर निगम का कोई ध्यान नहीं है। 

ज्ञापन प्रस्तुत करते समय निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मांगो, नेता प्रतिपक्ष हंसा अम्बर दाढ़े, श्रद्धा बबला पटेल, नदीम अहमद, राहुल मालवी, सरिता चिंटू काले, ब्रजेश टिंकू राय, संगीता मुन्ना पवार, शोभी कुरैशी, मंजू बैस, तरूण कराड़े, अनुराग सराठी, सरला सिसोदिया व आकाश मोखलगाय सहित जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, समस्त कांग्रेस पार्षद दल, कांग्रेस पूर्व उप ब्लॉक, पश्चिम उप ब्लॉक, उत्तर उप ब्लॉक, दक्षिण उप ब्लॉक, मध्य उप ब्लॉक के समस्त अध्यक्षगण, कार्यकारी अध्यक्षगण, प्रभारीगण, जोन अध्यक्षगण, वार्ड अध्यक्षगण, बूथ अध्यक्षगण, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसूयआई, किसान कांग्रेस, कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ, आदिवासी विभाग व शहर महिला कांग्रेस व कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के पदाधकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।  
Share News On