कलेक्टर ने कहा, जनसुनवाई प्रकरणों का एक सप्ताह में हो निराकरण
छिंदवाड़ा
27-Jul-26
कलेक्टर श्री नारायन ने समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा की

छिन्दवाडा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में समय-सीमा प्रकरणों के साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं विभिन्न आयोगों से प्राप्त लंबित पत्रों की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के प्रकरणों का एक सप्ताह में हो निराकरण
कलेक्टर ने जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निराकरण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पिछले सप्ताह दिए गए निर्देशों के पालन की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों से जानकारी ली कि गत सप्ताह प्राप्त शिकायतों में से कितने प्रकरणों का निराकरण कर जवाब दिया गया और कितने प्रकरण अभी लंबित हैं। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्थानांतरित आंगनबाड़ी केंद्रों की फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को सर्वसुविधायुक्त भवनों में स्थानांतरित करने की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि जिन 412 आंगनबाड़ी केंद्रों को नए भवनों में स्थानांतरित किया जा चुका है, उनकी फोटो सहित जानकारी प्रस्तुत की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
श्रम योगी मानधन योजना में लक्ष्य प्राप्ति में लाएं तेजी
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की समीक्षा के दौरान उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग द्वारा लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर श्री नारायन ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने उपसंचालक पशु चिकित्सा विभाग को बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने तथा निर्धारित लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में बढ़ाएं सैंपलिंग और निगरानी
जिले में बढ़ते मलेरिया के मामलों को देखते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक सैंपलिंग कराई जाए, हॉटस्पॉट क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए तथा मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ढाबों और होटल-रेस्टोरेंट की नियमित जांच करने के दिए निर्देश
खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि होटल, ढाबों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा स्वच्छता और हाइजीन के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।