चौरई के स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी देख कलेक्टर भड़के
छिंदवाड़ा
06-Nov-26
बीएमओ को कारण बताओ नोटिस
खैरीखुर्द में लगा जनसंवाद शिविर

छिन्दवाडा अपडेट
जनसंवाद के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान करने और लोक सेवाओं की सुगमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज 13वें शुक्रवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं जिला अधिकारियों की टीम के साथ विकासखंड चौरई की ग्राम पंचायत खैरीखुर्द पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जनपद पंचायत चौरई के निर्माणाधीन भवन और शासकीय उचित मूल्य दुकान खैरीखुर्द का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री नारायन ने पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के साथ ग्राम पंचायत भवन खैरीखुर्द में आयोजित खंड स्तरीय जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में सहभागिता की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न शिकायतों के निराकरण के दौरान लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
चौरई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मिली गंदगी
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं पाए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इस संबंध में बीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसंवाद शिविर में ग्रामीणों की शिकायतों पर भी हुई कार्रवाई
विभिन्न शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर हरेंद्र नारायन पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के साथ ग्राम पंचायत भवन खैरीखुर्द में आयोजित खंड स्तरीय जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। शिविर में ग्रामीणों ने सीमांकन, अवैध कब्जा हटाने, नल कनेक्शन, पाइपलाइन, सड़क निर्माण सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री नारायन ने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों की सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों पर भी सुनवाई कर उनके निराकरण की कार्यवाही की गई।
शिविर में ग्राम पंचायत कपुर्दा की शिकायतकर्ता शारदा ने बताया कि उन्हें नल-जल योजना के अंतर्गत पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने ग्राम सचिव से वस्तुस्थिति की जानकारी मांगी, लेकिन सचिव द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। अन्य अधिकारियों ने भी ग्राम सचिव के विरुद्ध लगातार शिकायतें प्राप्त होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित ग्राम सचिव को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम कुंडा के शिकायतकर्ता श्री आशीष ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा में उचित उपचार उपलब्ध नहीं होने तथा चिकित्सक के अनुपस्थित रहने की शिकायत प्रस्तुत की। इस पर कलेक्टर ने बीएमओ से जानकारी ली। बीएमओ द्वारा बताया गया कि संबंधित चिकित्सक की सप्ताह में तीन दिवस चौरई में ड्यूटी लगाई गई है। इस पर कलेक्टर ने बीएमओ द्वारा सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना चिकित्सक की ड्यूटी अन्यत्र लगाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की तथा बीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सक सुश्री अनुकृति पॉडे के मुख्यालय पर निवास नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
24 हितग्राहियों को मिले संपत्ति के मालिकाना हक के दस्तावेज
जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान ग्राम पंचायत खैरीखुर्द के स्वामित्व योजना के 24 हितग्राहियों को उनकी संपत्ति के मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज प्रदान किए गए। दस्तावेज प्राप्त होने से हितग्राहियों को अपनी संपत्ति का विधिवत स्वामित्व अधिकार प्राप्त हुआ। धनतेरस के शुभ अवसर पर संपत्ति के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज मिलने पर कलेक्टर श्री नारायन ने सभी हितग्राहियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
3 करोड़ के निवेश से समसवाडा में हो रहा बायोफयूल का निर्माण
कलेक्टर श्री नारायन ने क्षेत्र के दो उद्यमियों से भी संवाद किया। इस दौरान समसवाड़ा में संचालित मेसर्स रानी सती बायोफ्यूल इकाई के संचालक राहुल बंसल ने बताया कि उन्होंने लगभग 3 करोड़ रुपये का निवेश कर बायोमास ब्रिकेट एवं पेलेट निर्माण इकाई स्थापित की है, जिसमें किसानों से पराली खरीदकर कच्चे माल के रूप में उपयोग किया जाता है। वहीं चांद में बायोमास ब्रिकेट इकाई संचालित कर रहे दूसरे उद्यमी अंकित रघुवंशी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 25 लाख रुपये का ऋण लेकर इकाई स्थापित करने तथा इससे लगभग 70 हजार रुपये मासिक आय अर्जित करने की जानकारी दी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों को आवश्यक विभागीय सहयोग उपलब्ध कराने तथा किसानों को पराली नहीं जलाकर इकाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए शासन की योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से लगातार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल कर रही है। अभियान के माध्यम से प्रशासन ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही कर रहा है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं जिला प्रशासन की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में जिले के प्रदेश में लगातार प्रथम स्थान पर बने रहने पर जिला प्रशासन को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान लखन वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं एसडीएम चौरई प्रभात मिश्रा, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।