गौधुली आश्रम में निःशुल्क मालिश एवं फिजियोथेरेपी सेवा प्रदान की
छिंदवाड़ा
07-Nov-26
दीपावली पर दिया सेवा और आत्मीयता का संदेश

छिन्दवाडा अपडेट
भगवान धन्वंतरि जयंती एवं दीपावली के पावन अवसर पर आरोग्य भारती, छिंदवाड़ा शाखा द्वारा खजरी स्थित गौधुली आश्रम में निवासरत वृद्धजनों को निःशुल्क मालिश थैरेपी एवं फिजियोथेरेपी सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही दीपावली के अवसर पर वृद्धजनों को उपहार एवं स्वल्पाहार वितरित कर उनके साथ खुशियां साझा की गईं।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य संरक्षण, आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा उनके जीवन में अपनत्व एवं प्रसन्नता का भाव बढ़ाना था। इस अवसर पर भगवान धन्वंतरि का पूजन एवं आरती की गई। दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फुलझड़ियां जलाकर देव दीपावली उत्सव भी मनाया गया। साथ ही आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान करने वाले पांच वैद्यों का सम्मान किया गया। उपस्थित बुजुर्गों को स्वस्थ दिनचर्या, संतुलित जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संरक्षण के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में परिक्रमावासी भागवताचार्य पंडित रविकांत शास्त्री जी ने आध्यात्मिक स्वास्थ्य चिंतन पर मार्गदर्शन दिया तथा जल संरक्षण के लिए विशेष प्रयास करने का आग्रह किया। चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक डॉ. कृष्ण हरजानी ने कहा कि निःस्वार्थ सेवा से ही जीवन की सच्ची खुशी प्राप्त होती है। उन्होंने आरोग्य भारती छिंदवाड़ा की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन दीप सिंह ने किया।
इस अवसर पर प्रांत महिला प्रमुख डॉ. संध्या नेमा, जिलाध्यक्ष डॉ. हितेश मिश्रा, जिला महिला प्रमुख डॉ. रश्मि नेमा, डॉ. पवन नेमा, डॉ. कृष्ण हरजानी, विनोद विश्वकर्मा, रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश के पूर्व चेयरमैन डॉ. गगन कोल्हे, सभापति भानु दास गोखे, सचिव निरपत टेकरे, डॉ. अभिलाषा भांगरे, जयश्री घोड़े, अर्पिता शुक्ला, सुश्री सविता दुबे, सुश्री रंजना वोहरा, सुश्री भारती साहू, डॉ. रेयांशु साहू, संदीप मिश्रा, पं. अभिषेक शर्मा, डॉ. महेश बन्देवार, वृक्ष मित्र श्री रवींद्र कुशवाहा, डॉ. नितिन टेकरे, शिरीष साहू, नंदू निर्मलकर, आकाश दौड़के, सचिन सूर्यवंशी, गिरीश गोदरे, सुश्री करिश्मा, प्रवीण बांधे एवं सुश्री साक्षी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं वैद्यगण उपस्थित थे।