Home News Helpline Classified Jobs About Contact

गौशालाओं में 9 नवंबर को होगी गोवर्धन पूजा

गौशालाओं में 9 नवंबर को होगी गोवर्धन पूजा
छिंदवाड़ा
07-Nov-26
चार गौशाला में वृंदावन ग्राम के हितग्राहियों का होगा सम्मान

सभी गौशालाओं में मुख्यमंत्रीजी का लाइव टेलीकास्ट प्रसारण देखा जाएगा

छिन्दवाडा अपडेट

मध्यप्रदेश शासन एवं मध्यप्रदेश गौसंवर्धन बोर्ड भोपाल के निर्देशानुसार 9 नवंबर 2026 सोमवार को प्रदेशभर की गौशालाओं में गोवर्धन पूजन एवं गौमाता पूजन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार छिंदवाड़ा जिले की सभी गौशालाओं में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान भोपाल में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दोपहर 12 बजे सभी गौशालाओं में दिखाया जाएगा।

जिले में वृंदावन ग्राम के अंतर्गत आने वाली तीन गौशालाओं को इस आयोजन के लिए विशेष रूप से शामिल किया गया है। इनमें विकासखंड परासिया के बीजकवाड़ा कचराम, विकासखंड अमरवाड़ा के शारदा माई सालीवाड़ा एवं विकासखंड चौरई के समसवाड़ा की गौशालाएं शामिल हैं। वृंदावन ग्राम के हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने एवं उनके कार्यों को सम्मान देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये एवं तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।

इसके अतिरिक्त भाजीपानी गौशाला में भैंसादण्ड ग्राम के पुरस्कार विजेता को छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सांसद श्री विवेक बंटी साहू के हस्ते शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। जिले की सभी गौशालाओं में गौमाता पूजन, गोवर्धन पूजा एवं गौसेवा से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के माध्यम से गौमाता के संरक्षण, संवर्धन, गौपालन एवं गौसेवा के महत्व की जानकारी दी जाएगी।

उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. एच.जी.एस. पक्षवार ने बताया कि कलेक्टर श्री नारायन एवं विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले की सभी गौशालाओं में कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने की तैयारियां की जा रही हैं।

गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन का दिया जाएगा संदेश

मध्यप्रदेश गौसंवर्धन बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार गौशालाओं में गौमाता के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इनमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सभी अधिकारी, पशुपालन विभाग के नोडल अधिकारी एवं गौसेवक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इन आयोजनों के माध्यम से गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया जाएगा।

Share News On