Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कमलनाथ ने जल संकट से निपटने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखा पत्र

कमलनाथ ने जल संकट से निपटने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखा पत्र
राजनीति
06-Nov-26
नगर निगम को 5 करोड, नगर पालिका व जनपद को 2 करोड़ और नगर पंचायत को दिए जाएं 1 करोड़

कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

छिन्दवाड़ा अपडेट

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने छिन्दवाड़ा-पांढुर्ना जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में गहराए जल संकट के निदान हेतु मप्र के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। जिला कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा के प्रतिनिधि मंडल ने सम्बंधित पत्र अपर कलेक्टर को सौंपकर त्वरित व उचित कार्रवाई के लिए मांग की है। जिला व नगरवासियों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।

छिंदवाड़ा विधायक  कमलनाथ ने अपने अर्द्धशासकीय पत्र क्रमांक 350 में उल्लेख किया कि वर्तमान परिस्थितियों में जिला छिन्दवाड़ा-पांढुर्ना जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों मं अल्प वर्षा होने से जलस्रोतों के निरंतर घटते जलस्तर के कारण सूखे जैसी स्थिति निर्मित हो रही है। इसके परिणामस्वरूप अनेक क्षेत्रों में पेयजल की समस्या गंभीर रूप धारण कर रही है। आगामी ग्रीष्मकाल में यह समस्या और अधिक विकराल होने की आशंका है, जिससे आमजन को पेयजल के लिए अत्याधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

पेयजल संकट से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार नवीन जलस्रोतों के विकास, नलकूप खनन, पेयजल परिवहन, पाइप लाइन विस्तार, जल संरचनाओं के निर्माण एवं अन्य आवश्यक कार्य हेतु नगर निगम को 5 करोड़ रुपए, जिले की समस्त नगर पालिकाओं में प्रत्येक को 2 करोड़ रुपए, समस्त जनपद पंचायतों में प्रत्येक को 2 करोड़ रुपए तथा समस्त नगर पंचायतों में प्रत्येक को 1 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कर उपलब्ध कराई जाए ताकि समय रहते पेयजल संकट से निपटने के प्रभावी प्रबंध किए जा सकें।

पेयजल संकट की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्र के नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों एवं जनपद पंचायतों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पर्याप्त वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है।

पत्र के अंत में कमलनाथ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुरोध किया कि आमजन को पेयजल की समुचित व्यवस्था हेतु उक्त राशि की स्वीकृति एवं आवंटन की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित कराने हेतु आदेश प्रदान करें। पत्र प्रस्तुत करते समय जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, परासिया विधानसभा प्रभारी  गंगाप्रसाद तिवारी, संगठन महासचिव गुरूचरण खरे, जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश कपाले, शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह, मनीष पांडे, इन्द्रपाल पटेल व छोटू पाठक उपस्थित रहे।
Share News On