कलेक्टर ने बड़े निर्माण कार्यों की धीमी गति पर जताई नाराजगी
छिंदवाड़ा
21-Jul-26
निर्माण कार्यों में गति लाने और गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए

छिन्दवाडा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। यह बैठक दो सत्रों में आयोजित की गई थी जिसमें प्रथम सत्र में सड़क संबंधी विभागों में लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण, एम.पी.रोड डेव्लपमेण्ट कार्पाेरेशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आदि के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन सड़कों एवं पुलों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई, तो वहीं दूसरे सत्र में भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों, जिनमें म.प्र. भवन विकास निगम, लोक निर्माण विभाग (भवन), जनजातीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन और प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध नवीन शैक्षणिक अस्पताल एवं अन्य भवनों और नवीन जेल कॉम्प्लेक्स के निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर की।
निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
कलेक्टर श्री नारायन ने सभी निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों में गति लाएं और गुणवत्तापूर्वक निर्माण, निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित कराएं। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों के साथ ही पूर्ण हो चुके कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी फ़ील्ड में जाकर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ठेकेदार के साथ ही निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार एवं सड़क और भवन निर्माण से संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। विभागों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से एक - एक निर्माण कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
कुछ निर्माण कार्य हुए पूरे कुछ बाकी
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश भवन विकास निगम सिवनी द्वारा जिले में कुल 9 कार्य किये जा रहे हैं। जिनमें सांदीपनि विद्यालय परासिया का निर्माण पूर्ण हो चुका है, फिनिशिंग वर्क और हस्तांतरण की प्रक्रिया प्रगतिरत है। यहां के 100 सीटर बालक एवं 100 सीटर बालिका छात्रावास के लिए भूमि आवंटन एवं टेंडर की प्रक्रिया प्रचलन में है। तहसील कार्यालय जुन्नारदेव, छिंदवाड़ा नगर, परासिया व अमरवाड़ा का कार्य प्रगतिरत है। चौरई कॉलेज की बाउंड्री वॉल पूर्ण हो चुकी है। छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय में स्वीकृत 786 लाख रूपये लागत के इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया प्रचलन में है। इसी तरह शासकीय पी.जी.कॉलेज में 373 लाख रूपये की लागत के नवीनीकरण, अपग्रेडेशन एवं नवीन निर्माण कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।
19 ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें बनना है बाकी
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत मार्गों की कुल संख्या 276 और कुल लंबाई 1227.07 कि.मी. है। वित्तीय वर्ष 2026 - 27 के मुख्य बजट में 118.85 कि.मी. लंबाई (लागत 210.69 करोड़) के 19 कार्य सम्मिलित किए गये हैं। इनमें ग्राम धवईधान से नन्दोरी होते हुए जमनाही तक सड़क, बींझावाड़ा से बिलंदा मार्ग, झिरना से कोसमढाना मार्ग हर्रई, चारगांव से भिलमाढाना मार्ग, ग्राम खैरवाड़ा से ग्राम गुरैया मार्ग, अनखावाड़ी पगारा जामुनबर्रा-लोनापठार-कोहका-दमुआ मार्ग 4 स्लैब कलवर्ट सहित, जाटला पहुंच मार्ग 4 पुलिया सहित, छिंदवाड़ा नरसिंहपुर राष्ट्रीय राज्य मार्ग 547 से जमुनिया महादेव मेला मार्ग, राजाखोह पहुंच मार्ग, नवेगांव स्टेशन पहुंच मार्ग, लेनियामारू बिलवा मार्ग, गोपालपुर आमाबोह मार्ग, नन्दोरा पहुंच मार्ग, करमोहनी बंधी पहुंच मार्ग, दातलावाड़ी सरेखाढाना मार्ग, भांडी झोतकलाँ मार्ग पर स्लैब कन्वर्ट निर्माण, बीजेपानी कोटलबर्री मार्ग, छिंदी नागरी धोरावाड़ी झिरना धनोरा बिछुआ जुंगावानी मार्ग और राज्य मार्ग क्र. 46 पर स्थित ग्राम चाँद से चन्दनगांव- बादगाँव- लालगांव- मेघदोन थोछी - जमतरा (पेंच राष्ट्रीय उद्यान) मार्ग शामिल हैं।