समस्याओं से घिर चुका है शहर, कांग्रेस पार्षदल ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा
29-May-26
चार महत्वपूर्ण मांगों का सौंपा ज्ञापन, अविलम्ब निराकरण के लिए की मांग
छिन्दवाड़ा
भाजपा शासित नगर पालिक निगम समस्याओं से घिरा हुआ है। नागरिक समस्याओं से जूझ रहा और निगम बेखबर है। जनहित से जुड़ी समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने की मांग करते हुए कांग्रेस पार्षदल ने चार प्रमुख मांगों का ज्ञापन नगर पालिक निगम कार्यालय पहुंचकर निगम आयुक्त को सौंपा साथ ही समस्याओं के अविलम्ब निराकरण हेतु मांग की है।
कांग्रेस पार्षद दल के द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि निगम क्षेत्र के नागरिकों को अनेक गंभीर असुविधाओं व समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्षद दल द्वारा पूर्व भी इन समस्याओं की ओर ध्यानाकर्षण कराया गया, किन्तु जमीनी स्तर पर कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है। ननि स्थाई समाधान के लिए ठोस कदम उठाएं। अन्यथा आगामी दिनों में कांग्रेस वृहद आंदोलन करेगी जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही शासन व प्रशासन की होगी।
प्रस्तुत ज्ञापन में पेयजल समस्या को लेकर कहा कि शहर के अनेक वार्ड ऐसे हैं पानी पहुंचने की गति बेहद धीमी है। तो वहीं कुछ हिस्सों में तीन-तीन दिनों तक पानी नहीं पहुंच रहा। कई जगहों पर दूषित पानी पहुंच रहा जिसका नागरिकों के स्वास्थ्य पर विपरित असर पड़ रहा है। वर्षा ऋतु सिर पर है और शहर सम्पूर्ण छोटे-बड़े नालों की सफाई नहीं हुई है और आज दिनांक तक सफाई भी प्रारंभ नहीं की गई, जबकि बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में जलभराव होता है जिससे आम लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अगर नालों की सफाई नहीं हुई तो स्थिति और गम्भीर होगी।
नगर पालिक निगम में भवन निर्माण संबंधी नक्शे लम्बे समय से लम्बित है। आम लोगों को अनावश्यक ही कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। नक्शा पास करने की प्रक्रिया अत्याधिक धीमी है जिसके कारण नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस ओर गम्भीरता से ध्यान देते हुए तत्काल नक्शा पास करने की प्रक्रिया को गति दी जाए। निगम में क्षेत्र में आवारा श्वानों की संख्या बहुत अधिक बढ़ चुकी है। आए दिन किसी ना किसी कॉलोनी से श्वानों के काटने की घटनाएं सामने आ रही। छोटे बच्चे और बुजुर्गों पर आवारा श्वान हमला कर रहे। इसको लेकर अनेकों बार शिकायत की गई, किन्तु आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। उपरोक्त समस्त जनसमस्याओं के स्थाई समाधान हेतु अविलम्ब ठोस कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन प्रस्तुत करते समय निगम नेता प्रतिपक्ष हंसा अम्बर दाढ़े, निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, निगम विधायक प्रतिनिधि प्रबल प्रदीप सक्सेना, पार्षदगण श्रीमती मंजू बैस, तरूण कराड़े, नदीम अहमद, बृजेश टिंकू राय, सरिता काले, नौशीन कुरैशी उपस्थित रहे।