शहर कांग्रेस कमेटी ने फव्वारा चौक पर फूंका मंत्री का पुतला
छिंदवाड़ा
20-Feb-26
सदन में जनता से जुड़े मुद्दे पर प्रश्न किया तो अमर्यादित टिप्पणी करने का विरोध
छिन्दवाड़ा
शहर कांग्रेस कमेटी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील, मनरेगा में बदलाव कर मजदूरी के कानूनी अधिकार पर प्रहार का विरोध करने के साथ ही भाजपा सरकार के तीन कलंकित मंत्रियों का पुतला फूंका गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। भाजपा सरकार का अहंकार जनता से होते हुए अब सदन तक पहुंच चुका है। जनता से जुड़े अहम विषयों पर सदन में सवाल करने पर सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय औकात बताने लगे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार जनता की समस्याओं को ना तो सुनना चाहती है ना ही सुलझाना चाहती है। सदन की गरिमा और भाषा की मर्यादा तोड़ने वाले कैलाश विजयवर्गीय का शहर कांग्रेस कमेटी ने स्थानीय गांधी चौक पर पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने पुतला दहन के दौरान कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील देश की कृषि व्यवस्था पर सीधा हमला है। यह समझौता देश के छोटे, सीमांत व मध्यम किसानों के साथ ही व्यापारियों को बाजार की असमान प्रतिस्पर्धा में धकेलने वाला है। उन्होंने मनरेगा योजना में किए गए बदलाव को मजदूर विरोधी बताया। मप्र में कफ सीरफ से हुई मौत के लिए जिम्मेदार मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, सेना अधिकारी व महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मंत्री विजय शाह एवं इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल से मौतों के लिए जिम्मेदार मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंका।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधानसभा सदन में इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों का मामला उठाया तो नगरीय प्रशासन मंत्री विजयवर्गीय ने सदन की गरिमा और भाषा की मर्यादा को तोड़ते हुए उमंग सिंघार को औकात में रहने की धमकी दे डाली। यह केवल शब्द नहीं बल्कि सीधी धमकी है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है इसके पूर्व भी विजयवर्गीय देश के चौथे स्तम्भ मीडिया को लेकर भी अमर्यादित टिप्पणी कर चुके हैं। इसके बाद भी भाजपा सरकार ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की है। विरोध स्वरूप कांग्रेस ने विजयवर्गीय के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पूतला फूंका।
आयोजित पुतला दहन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी, सुरेश कपाले, जय सक्सेना, नितिन उपाध्याय, किरण चौधरी, दीपा यादव, रानू डेहरिया, टिंकू राय, तरूण कराड़े, आरिफ ठाकुर, अम्बर दाढ़े, चिंटू काले, राहुल मालवीय, पूनम उइके, माया सूर्यवंशी, अर्पित तिवारी, मुन्ना धुर्वे रमेश बेले सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।