जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस कर रही भ्रामक प्रचार: डॉ. कृष्ण हरजानी
छिंदवाड़ा
22-Feb-26
छिंदवाड़ा
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. कृष्ण हरजानी ने बताया कि जिला अस्पताल में सांसद बंटी विवेक साहू की पहल और चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रयासों से सेवाओं में चुस्ती आ रही है। बढ़ती स्वास्थ्य सेवाओं पर जनता का बढ़ता विश्वास देखकर कांग्रेस बौखला गई है।

ज्ञातव्य हो कि कांग्रेस में भ्रामक समाचार से यह बताया कि 7 दिन से सोनोग्राफी मशीन बंद है। यह बात पूरी तरह से झूठ पाई गई, क्योंकि जिला अस्पताल में सोनोग्राफी चालू है, और गायनिक विभाग एवं ओपीडी में नियमित रूप से सोनोग्राफी हो रही है। रेडियोलॉजिस्ट के रिटायरमेंट के पश्चात भी सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से उन्हें एक्सटेंशन देकर जनता को सोनोग्राफी की सुविधा मिल रही है।
डॉ. कृष्ण हरजानी ने बताया कि अभी 2 दिन पूर्व जिला अस्पताल में चिकित्सा प्रकोष्ठ ने नेत्र शिविर लगाया था, जिसमें सैकड़ों मरीजों ने इसका लाभ लिया। अनेक गरीब मरीजों को सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहायता कोष से लाखों रुपयों की मदद मिल रही है। डॉ. कृष्ण हरजानी ने बताया कि कांग्रेस अपनी कार्यशैली में सुधार ना करके झूठे विरोध की राजनीति अपना रही है, जिसको जनता अच्छे से समझ चुकी है, जिले से कांग्रेस पूरी तरह साफ होने वाली है। जिला संयोजक डॉ. कृष्ण हरजानी ने कांग्रेस को अपनी हरकतों से बाज आने को कहा है, झूठ फरेब का सहारा लेकर उसे जनता की सहानुभूति नहीं मिलने वाली। उन्होंने कहा कि सांसद बंटी विवेक साहू की सेवा यात्रा जारी रहेगी।