प्रेस संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मीडिया से किया सीधा संवाद
मध्यप्रदेश
07-Aug-26
सीएम ने कहा, सरकार कार्य संस्कृति में परिवर्तन लाने की दिशा में काम कर रही है

छिन्दवाडा
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने जिला प्रवास के दौरान प्रेस संवाद कार्यक्रम में मीडिया से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक बदलाव के साथ कार्य संस्कृति में भी परिवर्तन लाने की दिशा में काम कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे और जनता को समय पर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिले, इसके लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
संभावनाओं को अवसरों में बदलने के प्रयास जारी है
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा महाराष्ट्र की सीमा से लगा हुआ आदिवासी बहुल क्षेत्र है और यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। सरकार इन संभावनाओं को अवसरों में बदलने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। छिन्दवाड़ा जिले में 28 विभागों के एक हजार 281 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमोशन दिया गया है।
उद्योग और कृषि में अपार संभावनाएं
उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि क्षेत्र के किसानों से चर्चा के दौरान प्राकृतिक खेती, पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा में संचालित आईटीआई संस्थानों के विद्यार्थियों को उनके प्रशिक्षण के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रशिक्षित युवाओं को अपने कौशल के आधार पर बेहतर भविष्य बनाने के अवसर मिलें, इसके लिए उद्योगों से समन्वय बढ़ाया जाएगा।
जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि जनहित से जुड़ी शिकायतों के निराकरण को सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गये है कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अच्छा काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, वहीं लापरवाही करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनविश्वास अभियान से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि प्रदेश में परिसीमन आयोग का गठन किया गया है। आयोग द्वारा संभाग, जिले, तहसील और गांवों के स्तर पर विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है। नगरीय क्षेत्रों से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि केवल छिंदवाड़ा ही नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं, सेवाएं और शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए एक समान व्यवस्था विकसित करने पर काम किया जाएगा।