भारी पड़ी सीएम हेल्पलाईन में लापरवाही, निलंबन और वेतन रोकने आदेश
मध्यप्रदेश
07-Aug-26
सीएम हेल्पलाईन
में शिकायतकर्ताओं से मुख्यमंत्री ने की सीधे बात

छिन्दवाडा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत छिंदवाड़ा जिले में आयोजित जिला समाधान कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों की आवेदकों की उपस्थिति में एक-एक कर समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिन प्रकरणों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई, उन पर उन्होंने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसीलदार और पटवारी को किया निलंबित
सुनवाई के दौरान आवेदिका मीना बंजारा ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। समीक्षा में पाया गया कि परासिया तहसील के संबंधित पटवारी द्वारा गलत प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने के कारण आवेदिका योजना के लाभ से वंचित रही। मामले को गंभीर मानते हुए मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने परासिया तहसील की तहसीलदार सुश्री सुनैयना ब्रम्हे एवं हल्का पटवारी श्री सिध्दांत साहू को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता के माध्यम से आवेदिका को एक वर्ष की सहायता राशि प्रदान करने के भी निर्देश दिए।
डॉ. नरेश गोन्नाड़े तत्काल प्रभाव से निलंबित
आवेदिका श्रीमती सीमा तुमराम ने बताया कि उन्होंने प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत की थीं। जांच में सामने आया कि पोर्टल पर दर्ज त्रुटिपूर्ण जानकारी के कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका। इसे विभागीय लापरवाही मानते हुए मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी छिन्दवाड़ा डॉ.नरेश गोन्नाड़े को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।
चौरई जनपद सीईओ और श्रम अधिकारी की वेतन वृद्धि रोकने आदेश
आवेदिका मानवती वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 में पति श्री संतोष वर्मा की मृत्यु के बाद उन्हें पात्रता अनुसार मुख्यमंत्री संबल योजना अंतर्गत अंत्येष्टि एवं अनुग्रह सहायता राशि नहीं मिली जिसकी उन्होंने सीएम हेल्पलाईन में शिकायत दर्ज कराई थीं। प्रकरण में लापरवाही पाए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चौरई श्री तरूण राहंगडाले तथा तत्कालीन श्रम अधिकारी श्री धम्मदीप भगत की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
चौरई एसडीएम को नोटिस, तहसीलदार और पटवारी की वेतनवृद्धि रोकने आदेश
आवेदक गोविंद नायक ने बताया कि उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में भू-अभिलेख दुरुस्तीकरण से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। समीक्षा में पाया गया कि एसडीएम द्वारा आदेश जारी किए जाने के बावजूद अभिलेखों में सुधार नहीं किया गया। इस पर मुख्यमंत्री ने एसडीएम चौरई को कारण बताओ नोटिस तथा तहसीलदार चौरई एवं संबंधित हल्का पटवारी की एक-एक वार्षिक वेतन वृध्दि रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है तथा प्रत्येक अधिकारी को जनसेवा के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली अपनानी होगी। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह, सांसद श्री विवेक बंटी साहू, विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, महापौर श्री विक्रम आहके,श्री शेषराव यादव, मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल, सचिव श्री सुदाम खाड़े, संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह, कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।