सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से छिंदवाड़ा और पांढुर्णा को मिली बड़ी सौगात
छिंदवाड़ा
11-Jul-25
85 करोड़ की योजनाओं को मिली मंजूरी
सड़क निर्माण और जनपद पंचायत भवनों से क्षेत्र को मिलेगा विकास का नया आयाम
छिंदवाड़ा
सांसद बंटी विवेक साहू के अथक प्रयासों से छिंदवाड़ा और पांढुर्णा क्षेत्र को विकास की दिशा में दो बड़ी सौगातें मिली हैं। एक ओर जहां वर्षों से खराब हालत में पड़ी सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए 63 करोड़ 92 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है, वहीं दूसरी ओर छिंदवाड़ा, सौंसर, चौरई और बिछुआ में चार नए जनपद पंचायत भवनों के निर्माण के लिए 21 करोड़ 2 लाख 68 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वर्षों से लंबित सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी
सांसद श्री साहू के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप लोक निर्माण विभाग ने छिंदवाड़ा और पांढुर्णा क्षेत्रों की जर्जर सड़कों के लिए 63.92 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह से सांसद द्वारा की गई निरंतर मांग और व्यक्तिगत मुलाकातों के बाद संभव हो सकी।

इस स्वीकृति में शामिल प्रमुख सड़कें:
पांढुर्णा रजोलाकला-पीलापार (महाराष्ट्र सीमा) 11.30 किमी – ₹15.34 करोड़
लघुआ गोलीढाना से बडेगांव मार्ग 5 किमी – ₹7.30 करोड़
जुरतरा से हिवराकलां मार्ग 5.5 किमी – ₹7.47 करोड़
मदनपुर-चारगांव-साख मार्ग 6 किमी – ₹8.87 करोड़
सावंगा बायपास, खैरी-बडोसा, इटावा-मुत्तौर सहित कुल 14 सड़कों को मंजूरी
यह सड़कों का निर्माण न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति देगा।
चार नये जनपद पंचायत भवनों को मंजूरी
सांसद साहू की पहल पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा छिंदवाड़ा, सौंसर, चौरई और बिछुआ में चार नए जनपद पंचायत भवनों के निर्माण को 2102.68 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। प्रत्येक भवन ₹5.25 करोड़ की लागत से न्यूनतम दो एकड़ शासकीय भूमि पर बनेगा।
सांसद साहू ने बताया कि इन भवनों से ग्रामीण विकास योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी होगा और ग्रामीणों को पंचायत कार्यालयों में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। भवनों में पर्याप्त कार्यालय कक्ष, मीटिंग हॉल और नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जनप्रतिनिधियों और जनता ने जताया आभार
इन दोनों योजनाओं की स्वीकृति मिलने पर छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा के जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों और आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और सांसद बंटी विवेक साहू का आभार जताया। वर्षों से की जा रही मांगें अब धरातल पर उतरने जा रही हैं, जिससे आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।