ई-अटेंडेंस के आधार पर होगा शिक्षकों का वेतन भुगतान
शिक्षा
10-Jun-26
लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश जारी
छिन्दवाडा
लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों एवं हाई स्कूलों के संकुल प्राचार्यों को निर्देश जारी किए गए हैं कि शिक्षकों एवं विद्यालयीन अमले की उपस्थिति अब तकनीकी आधारित “हमारे शिक्षक” ऐप के माध्यम से दर्ज की जाएगी तथा ई-अटेंडेंस के आधार पर ही वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
संचालनालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर शिक्षकों की सुविधा के लिए “हमारे शिक्षक” ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था लागू की गई है। विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ सभी विद्यालयों में प्राचार्यों, शिक्षकों एवं समस्त कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
निर्देश में कहा गया है कि संकुल प्राचार्य ई-अटेंडेंस के आधार पर ही वेतन आहरण देयक तैयार कर आहरण अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भेजेंगे। यदि बिना ई-अटेंडेंस के वेतन आहरित किया जाता है तो इसके लिए संबंधित संकुल प्राचार्य व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षकों द्वारा किसी तिथि की ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं की जाएगी, उन्हें उस दिन अनुपस्थित माना जाएगा तथा संबंधित दिन का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। संचालनालय ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है।