30 सितंबर तक खोले जा सकेंगे सुकन्या समृद्धि योजना के खाते
छिंदवाड़ा
25-Jul-25
छिन्दवाडा
अधीक्षक डाकघर छिंदवाड़ा श्री जितेन्द्र कुमार कावड़े ने बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा बालिकाओं को समाज में गरिमापूर्ण एवं आर्थिक रूप से समृद्ध स्थान प्रदान करने के लिये भारत सरकार द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत प्रारंभ की गई अत्यंत लाभकारी योजना सुकन्या समृद्धि खाता को जन-सामान्य तक पहुंचाने के लिये निरंतर अथक प्रयास किये जा रहे है। जिसका मूल उद्देश्य यह है कि किसी भी बालिका के अभिभावक, अपनी बालिका के भविष्य को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने से वंचित न रहने पाये।

इसी क्रम में मध्यप्रदेश डाक परिमंडल भोपाल के द्वारा संपूर्ण मध्यप्रदेश में 25 जुलाई 2025 से 30 सितंबर 2025 तक रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर सुकन्या रक्षा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान पात्र सुकन्याओं की समृद्धि के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के अधिकाधिक खाते खोलने व इस योजना का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से आयोजित किये जा रहे हैं। अधीक्षक डाकघर छिंदवाड़ा श्री कावड़े द्वारा जनमानस से अपील की गई है कि रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर बहन को उपहार के तौर पर सुकन्या समृद्धि खाता खोलकर उनके भविष्य को सुरक्षित करें।