Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

नीट 2025 में छिंदवाड़ा के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की सफलता, जिले का बढ़ा गौरव

नीट 2025 में छिंदवाड़ा के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की सफलता, जिले का बढ़ा गौरव
छिंदवाड़ा
15-Jun-25
छिंदवाड़ा

नीट 2025 परीक्षा में छिंदवाड़ा जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिले के कलेक्टर शीलेंद्र सिंह द्वारा शुरू किए गए शैक्षणिक नवाचार और शिक्षकों की मेहनत से यह सफलता संभव हो सकी है। पिछले वर्ष जुलाई से जिले के सभी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों में नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक अतिरिक्त पीरियड जोड़ा गया था। साथ ही समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित कर शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।
इस पहल के अंतर्गत इंदौर के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान ‘एलेन’ की मदद ली गई। उनके विशेषज्ञों ने जिले में आकर कार्यशालाएं लीं और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित मार्गदर्शन दिया। इसके अलावा विद्यार्थियों को नीट और जेईई की अध्ययन सामग्री हिन्दी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। 12वीं बोर्ड परीक्षा के बाद कुछ स्कूलों को स्टडी सेंटर बनाकर ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा भी प्रदान की गई। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से टेस्ट पेपर हल करवाए गए और उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
इस प्रयास में जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल, सहायक संचालक जनजातीय कार्य विभाग उमेश सातनकर, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य अवधूत काले और सभी स्कूलों के प्राचार्य व शिक्षक पूरी तरह समर्पित रहे। नतीजतन, पहली बार बड़ी संख्या में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी जेईई एडवांस के बाद अब नीट परीक्षा में भी सफल हुए हैं।
नीट परीक्षा में जिले के लगभग 1400 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। समाचार लिखे जाने तक 50 विद्यार्थियों के परिणाम सामने आ चुके हैं, जिन्होंने सफलता प्राप्त की है। इनमें आदिवासी विकासखंडों के छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं, जो विशेष सराहना के पात्र हैं। बाकी विद्यार्थियों के परिणाम एकत्र किए जा रहे हैं।
नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है, जिसके माध्यम से एमबीबीएस और बीडीएस जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिला मिलता है। इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले इन विद्यार्थियों का डॉक्टर बनने का सपना अब साकार हो सकेगा।
कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने नीट 2025 में चयनित सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं और इस अभियान में योगदान देने वाले शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, प्राचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह पहल और भी बेहतर परिणाम देगी।
Share News On