हवन के दौरान मधुमक्खियों का हमला: दर्जनभर लोग घायल, वृद्ध की हालत गंभीर
छिंदवाड़ा
15-Jun-25
छिंदवाड़ा
कोराबोह डेम के पास हवन के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। इस हमले में एक वृद्ध की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोराबोह डेम के पास हवन के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। इस हमले में एक वृद्ध की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीनदयाल पुरम टेकड़ी निवासी रामसेवक पिता नथिया पहाड़े किसी परिचित के मकान के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए काराबोह गए थे। वहां पूजन-पाठ के बाद जैसे ही हवन शुरू हुआ, अचानक मधुमक्खियों का झुंड आ गया और उन्होंने पूजन में शामिल लोगों पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। लेकिन वृद्ध रामसेवक पर मधुमक्खियों ने बुरी तरह हमला किया और वह शरीर पर कई जगह डंक लगने से बेहोश होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें किसी तरह कपड़ा ढांककर बचाया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि हवन में उठे धुएं और तेज ध्वनि के कारण मधुमक्खियों का छत्ता उत्तेजित हो गया, जिससे यह हमला हुआ।
पुलिस और प्रशासन को भी इस संबंध में सूचित किया गया है। ग्रामीणों ने ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।