Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जयमाला पहनाई, सात फेरे लिए और फिर विदाई से पहले ही फरार हो गई 'लुटेरी दुल्हन', पुलिस ने दर्ज किया मामला

जयमाला पहनाई, सात फेरे लिए और फिर विदाई से पहले ही फरार हो गई 'लुटेरी दुल्हन', पुलिस ने दर्ज किया मामला
मध्यप्रदेश
15-Jun-25
राजगढ़, ब्यावरा
ब्यावरा में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई जब दुल्हन सात फेरे लेने के बाद विदाई से पहले ही फरार हो गई। घटना ने फिल्मी मोड़ ले लिया, जब विदाई के समय एक कथित रिश्तेदार दुल्हन को सामान दिलाने के बहाने ले गया और दोनों अचानक गायब हो गए। दूल्हा घंटों दुल्हन की विदाई का इंतजार करता रहा, लेकिन जब हकीकत सामने आई तो हड़कंप मच गया।
करीब डेढ़ महीने तक दूल्हे और उसके परिवार ने दुल्हन और उसके साथियों को खोजने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग न लगने पर 12 जून को सिटी थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिश्तेदार ने रचाई साजिश, 2 लाख की ठगी

बांकपुरा गांव निवासी रामगोपाल वर्मा के मुताबिक, उनके रिश्तेदार गोकुल वर्मा निवासी महाबल (थाना कालीपीठ) ने उनके बेटे की शादी भोपाल की युवती दिव्या (पिता हरीश भावभानी, निवासी मेन रोड नारियाखेड़ी) से तय करवाई थी। शादी के एवज में गोकुल ने लड़की की फोटो और आधार कार्ड दिखाकर दो लाख रुपये की मांग की, जिसे परिवार ने मान लिया।
20 अप्रैल 2025 को ब्यावरा के अंजनीलाल मंदिर में पूरे विधि-विधान से शादी सम्पन्न हुई। फेरों के बाद तयशुदा रकम दो लाख रुपये गोकुल वर्मा को दे दी गई। विदाई के समय गोकुल और एक अन्य व्यक्ति जमुनालाल वर्मा (निवासी ग्राम रतवा, थाना बेरासिया) ने कहा कि वे दुल्हन को सामान दिलाने के लिए ले जा रहे हैं। लेकिन वे सभी फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

रामगोपाल की शिकायत पर पुलिस ने गोकुल वर्मा, जमुनालाल वर्मा और कथित दुल्हन दिव्या भागवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस ‘लुटेरी दुल्हन’ और उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
यह घटना शादी के नाम पर ठगी की उन बढ़ती वारदातों की एक और कड़ी है, जिनमें भरोसा, भावनाएं और पैसे – तीनों से खिलवाड़ किया जाता है।
Share News On