Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा: रविवार को अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत

छिंदवाड़ा: रविवार को अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत
छिंदवाड़ा
15-Jun-25
छिंदवाड़ा

आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत

कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के ईसरा उमरिया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 42 वर्षीय महिला सरला यादव की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वह शनिवार को पति के साथ खेत गई थी। बारिश के दौरान पति मवेशियों के साथ घर लौट रहा था और पत्नी पीछे-पीछे आ रही थी। इसी बीच अचानक बिजली गिरने से महिला घबरा गई और दौड़ते हुए घर पहुंचते ही बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क हादसे में युवक की मौत

पांढुर्ना थाना क्षेत्र के वामटा गांव निवासी 25 वर्षीय युवक विक्की धुर्वे की शनिवार देर शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने गांव से सांवरी जा रहा था, तभी सामने से आ रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस द्वारा उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।

टैंकर की चपेट में आने से युवक की मौत

देहात थाना क्षेत्र के शीतल कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय ब्रिजेश धुर्वे की भी सड़क हादसे में मौत हो गई। वह परासिया से काम निपटाकर घर लौट रहा था, तभी एक टैंकर को ओवरटेक करते समय वह टैंकर के अगले पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सर्पदंश से बुजुर्ग की मौत

चौरई थाना क्षेत्र के चनिया खुर्द गांव में 74 वर्षीय बुजुर्ग छन्नू उर्फ मसराम भलावी की सर्पदंश से मौत हो गई। शनिवार शाम करीब 5 बजे जब वह शौच के लिए गया था, तब बाल्टी उठाते समय सांप ने उसे हाथ में काट लिया। परिजनों को जानकारी देने के बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच कर रही है।
Share News On