पुणे में इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढहा: हादसे में 4 की मौत, 18 घायल; 41 लोगों को बचाया गया, सर्च ऑपरेशन जारी
देश
15-Jun-25
पुणे
महाराष्ट्र के पुणे जिले के मावल तहसील स्थित कुंडमाला गांव के पास रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल अचानक ढह गया। हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। राहत व बचाव कार्य में जुटी NDRF की टीमों ने 41 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। हालांकि कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिन्हें खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक सुनील शेलके ने दावा किया था कि हादसे में 6 लोगों की जान गई है, लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पुणे ज़ोन 2 के डीसीपी ने अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि की थी। बाद में इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब बड़ी संख्या में लोग नदी के तेज बहाव को देखने के लिए पुल पर खड़े थे।
पुणे से 30 किमी दूर है हादसे वाली जगह, वीकेंड पर रहता है भारी भीड़
कुंडमाला गांव पुणे से लगभग 30 किलोमीटर दूर है और यह मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से पहले आता है। वीकेंड पर यहां बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं, जिससे भीड़ काफी बढ़ जाती है।
पुल पहले से था जर्जर, क्षमता से अधिक लोग और वाहन थे मौजूद
शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पुल पहले से ही काफी जर्जर हालत में था। हादसे के वक्त पुल पर भारी संख्या में लोग मौजूद थे, साथ ही टू-व्हीलर और मोटरसाइकिल की आवाजाही भी हो रही थी। क्षमता से अधिक भार के चलते पुल गिर गया।