केदारनाथ के पास हेलिकॉप्टर हादसा, 7 लोगों की मौत: मृतकों में 2 साल का मासूम भी शामिल; चारधाम हेलिकॉप्टर सेवा पर लगी रोक
देश
15-Jun-25
गौरीकुंड-रुद्रप्रयाग
रविवार सुबह करीब 5:20 बजे गौरीकुंड के पास एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महाराष्ट्र का एक 2 साल का बच्चा भी शामिल है।
रविवार सुबह करीब 5:20 बजे गौरीकुंड के पास एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महाराष्ट्र का एक 2 साल का बच्चा भी शामिल है।
यह हेलिकॉप्टर श्रद्धालुओं को केदारनाथ मंदिर से गौरीकुंड ला रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, खराब मौसम को इस दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। यह हेलिकॉप्टर आर्यन एविएशन कंपनी का था।
हेलिकॉप्टर में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से 2-2 यात्री, उत्तराखंड और गुजरात से 1-1 यात्री सवार थे। पायलट राजवीर सिंह चौहान जयपुर, राजस्थान के रहने वाले थे। घटना के बाद गौरीकुंड से NDRF और SDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए भेजी गईं।
गढ़वाल रेंज के IG राजीव स्वरूप ने बताया कि हादसे में शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मृतकों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
चारधाम हेलिकॉप्टर सेवा पर अस्थायी रोक
इस हादसे के बाद चारधाम यात्रा की हेलिकॉप्टर सेवा पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हेलिकॉप्टर सेवाओं के संचालन को लेकर कड़े नियम बनाए जाएंगे। इसमें हेलिकॉप्टर की तकनीकी जांच और उड़ान से पहले मौसम की स्पष्ट जानकारी लेना अनिवार्य किया जाएगा।
हेलिकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले यात्री:
पायलट राजवीर सिंह (जयपुर, राजस्थान)
विक्रम सिंह रावत (ऊखीमठ, उत्तराखंड)
विनोद देवी (उत्तर प्रदेश)
तृष्टि सिंह (उत्तर प्रदेश)
राजकुमार सुरेश (गुजरात)
श्रद्धा राजकुमार जायसवाल (महाराष्ट्र)
काशी (महाराष्ट्र) – उम्र: 2 वर्ष
मुख्यमंत्री धामी का बयान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "रुद्रप्रयाग में हेलिकॉप्टर दुर्घटना की दुखद सूचना मिली है। SDRF, स्थानीय प्रशासन और अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। मृतकों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल मिले, यही प्रार्थना है।"