“छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचेंगे छात्र और युवा
राजनीति
12-Sep-26
राजीव भवन में सम्पन्न हुई अति महत्वपूर्ण बैठक
क्यूआर के माध्यम से युवा स्वयं करा रहे रजिस्ट्रेशन

छिन्दवाड़ा
राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक अति महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें संगठनात्मक विषयों के साथ मासिक आयोजनों व क्रियाकल्पों पर विस्तार से चर्चा हुई। आगामी 19 सितम्बर शनिवार को इंदौर में आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को लेकर रणनीति बनाई गई। आयोजित उक्त बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि जिले से हजारों की संख्या में छात्र और युवा “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में पहुंचेंगे। युवा शक्ति स्वयं क्यूआर कोड के माध्यम से कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि युवा और छात्र-छात्राओं के पालक व अभिभावकों में भी इस आयोजन को लेकर रुचि साफ नजर आ रही है।
अपने सारगर्भित उदबोधन में श्री ओकटे ने उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से इंदौर पहुंचने वाले युवाओं और छात्रों की जानकारी जुटाने के साथ ही उनकी मदद भी करें। एनएसयूआई और युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्तागण भी युवा और छात्रों के रजिस्ट्रेशन में मदद करें। कांग्रेस सोशल मीडिया की टीम को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि ब्लॉक स्तरीय कांग्रेस के कार्यक्रमों और गतिविधियों को पीसीसी एवं एआईसीसी तक पहुंचाने में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों का सहयोग करें।
कांग्रेस सभी विधानसभाओं में करेगी प्रसारण
जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष गोविंद राय ने सम्बोधित करते हुए कहा कि “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम का छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले की सातों विधानसभाओं में लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही स्थानों का निर्धारण करने के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं व आवश्यक उपकरणों को जुटाने की प्रक्रिया को पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम को प्रसारण की जिम्मेदारी सौंपी है। आयोजित बैठक में चौरई विधायक सुजीत चौधरी, संगठन महासचिव गुरूचरण खरे, शहर अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो सहित कांग्रेस के समस्त प्रभारीगण, पर्यवेक्षकगण, समस्त ब्लॉक अध्यक्षगण , उप ब्लॉक अध्यक्षगण एवं समस्त शहर अध्यक्षगण उपस्थित रहे।