Home News Helpline Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा के महाराजा का भव्य आगमन देखने उमड़ा जनसैलाब

छिंदवाड़ा के महाराजा का भव्य आगमन देखने उमड़ा जनसैलाब
धर्म
12-Sep-26
सत्कार तिराहे पर आतिशबाजी ने जमाया रंग

छिंदवाड़ा

श्री छिंदवाड़ा के महाराजा के 15वें महोत्सव के अवसर पर शनिवार को महाराजा का भव्य नगर आगमन हुआ। षष्ठी माता मंदिर से बैंड-बाजे,आकर्षक झांकियों एवं मातृशक्ति के ढोल वादन के साथ विशाल चल समारोह निकाला गया। बड़ी संख्या में गणेश भक्तों ने शामिल होकर महाराजा का जयघोष किया।

सत्कार तिराहे पर हुआ भव्य स्वागत

शाम को सत्कार तिराहे पर श्री छिंदवाड़ा के महाराजा की दिव्य एवं मनमोहक प्रतिमा का भव्य आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और गणपति बप्पा के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। इसके बाद महाराजा का गुरैया नाका स्थित भव्य पंडाल में प्रवेश हुआ।

वनखंडी की मां बगलामुखी मंदिर की प्रतिकृति बनेगी आकर्षण केंद्र ..

गणराज वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक अमित राय एवं कोषाध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने बताया कि महाराजा के 15वें वर्ष में इस बार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा बनखंडी स्थित मां बगलामुखी माता मंदिर की भव्य प्रतिकृति तैयार की जा रही है। इसी दिव्य स्वरूप के पंडाल में श्री छिंदवाड़ा के महाराजा विराजमान होंगे। कलाकार एवं गणेश भक्त पिछले कई दिनों से पंडाल को भव्य रूप देने में जुटे हैं। प्रबंधकारिणी सदस्य संदीप अग्निहोत्री,जितेंद्र अलबेला एवं इमरत चक्रवर्ती ने बताया कि भक्तों को सुलभ दर्शन मिल सकें, इसके लिए इस वर्ष पंडाल को पहले से अधिक बड़ा एवं आकर्षक बनाया गया है संपूर्ण पंडाल को हिमालचल स्थित मां बगलामुखी माता मंदिर जैसा तैयार किया जा रहा है ।

14 सितंबर को होगी स्थापना, प्रथम दिवस से होंगे दर्शन

मुख्य पुजारी श्रवण कृष्ण शास्त्री द्वारा 14 सितंबर को चतुर्दशी के पावन अवसर पर महाराजा की विधि-विधान से स्थापना की जाएगी। इसी दिन से भक्तगण छिंदवाड़ा के महाराजा के दर्शन कर सकेंगे। गणराज वेलफेयर सोसायटी के सदस्य संपूर्ण व्यवस्थाएं बनाने में जुटे हैं ताकि दर्शन के लिए आने वाले भक्तगणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़ें।
Share News On