कांग्रेस के समर्थन से बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर एसोसिएशन खुश
राजनीति
12-Sep-26
हड़ताल स्थल पर पहुंचे कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे

छिन्दवाड़ा
बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर एसोसिएशन व डम्पर एवं टैक्टर यूनियन छिन्दवाड़ा की अनिश्चित कालीन हड़ताल में सम्मिलित हुए कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण। कांग्रेस ने जारी हड़ताल का समर्थन किया साथ ही शासन व प्रशासन से आग्रह किया कि हठधर्मिता को छोड़कर एसोसिएशन व यूनियन की जायज मांगों पर गम्भीरतापूर्वक विचार कर उन्हें पूरा करें ताकि इस कार्य से जुड़े लोगों का घर और परिवार को भरण-पोषण पूर्व की तरह ही चलता रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे के साथ कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में हड़ताल स्थल पर पहुंचकर उनकी जायज मांगों का समर्थन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने सम्बोधित करते हुए कहा कि बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर एसोसिएशन व डम्पर एवं टैक्टर यूनियन अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर है। उनकी मांगों को शासन व प्रशासन को अविलम्ब पूरा करना चाहिए। क्योंकि वर्तमान जारी निर्माण कार्य बाधित हो रहे हैं साथ ही हड़ताल लम्बी चलने से सामग्री की सप्लाई प्रभावित होगी इससे निर्माण कराने वाले व्यक्ति की लागत भी समय के साथ बढ़ेगी इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जारी हड़ताल का समर्थन करती है साथ ही जिला प्रशासन से आग्रह भी करती है कि वह अविलम्ब मांगों को पूरा कर हड़ताल समाप्ति के लिए सार्थक पहल करें।
विदित हो कि एसोसिएशन एवं यूनियन की मांग है कि जिलेभर के पुलिस थानों में 400 से 500 ट्रैक्टर पुलिस अभिरक्षा में कई माह से खड़े हैं। खनिज विभाग की कार्रवाई कर उन्हें तुरंत छोड़ा जाए। अवैध खनिज परिवहन करते हुए पड़के जाने वाले वाहनों का निराकरण आठ दिनों के अंदर किया जाए। अन्य जिलों में तो 03 दिनों में निराकरण कर वाहनों को छोड़ दिया जाता है। वैध रॉयल्टी होने पर भी वाहनों को पकड़कर थानों में खड़ा किया गया है। खनिज विभाग की कार्रवाई पूरी कर उन्हें छोड़ा जावे।
रेत व मिट्टी पुराव खदानों के ठेकेदारों को निर्देश दिया जाए कि डम्पर व टैक्टर में जितनी मात्रा में रेत व मुरम भरी जाती है उतनी भरकर रॉयल्टी दें। खादन से रॉयल्टी नहीं दी जाती है तो कार्रवाई उन पर भी की जाए। प्रशासन द्वारा कैमरा वाला जांच नाका सर्रा में लगाया गया है उसी तरह का सिल्लेवानी व सिवनी मार्ग पर भी लगाया जाए। शहर के भीतर डम्पर नहीं पहुंच पाते हैं, वहां ट्रैक्टर से सप्लाई पहुंचाने की अनुमति नगर निगम से दी जाए। अवैध परिवहन करते पाए जाने वाले वाहन पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति ना लगाई जाए। अवैध उत्खनन व परिवहन रोकने के लिए यूनियन व एसोसिएशन हमेशा प्रशासन के साथ खड़ा है। भवन निर्माण पर ही व्यवसाय निर्भर है ऐसे में निगम से भवन निर्माण की अनुमति प्रारंभ कराई जाए। सभी मांगों का निराकरण जल्द से जल्द किया जाए। हड़ताल स्थल पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, कार्य अध्यक्ष गोविंद राय, प्रकोष्ठ प्रभारी पप्पू यादव व कपिल मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।