गोटमार मेला, पांढुर्णा की टीम जीती, हजार से अधिक घायल
छिंदवाड़ा
11-Sep-26
पांढुर्णा विधायक नीलेश उईके ने भी गोटमार मेले में भाग

छिंदवाड़ा/पांढुर्णा
पांढुर्णा जिले का ऐतिहासिक गोटमार मेला पोले के दूसरे दिन शुक्रवार को मनाया गया। मां चंडी पूजन के साथ ही पांढुर्णा और सांवरगांव के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे पर पत्थर बरसाना प्रारंभ कर दिया था। जानकारी के अनुसार पत्थर लगने से घायल होने वालों की संख्या लगभग एक हजार के आसपास बताई जा रही है। 4 खिलाड़ियों को गंभीर चोट आई है। वहीं, पांढुर्णा से कांग्रेस विधायक निलेश उईके ने भी पत्थरबाजी की।
इस दौरान सावरगांव निवासी 33 वर्षीय नितिन भादे का पैर टूट गया। 48 वर्षीय प्रह्लाद साहू के कंधे की हड्डी टूट गई। पांढुर्णा निवासी 39 वर्षीय सचिन हाटेकर का पैर टूट गया। सावरगांव निवासी 30 वर्षीय संजय धारपुरे के सिर और पैर में गंभीर चोट आई है। गंभीर रूप से घायल सचिन पाटणकर, प्रीतम रावत, संजय धरपुरे को नागपुर रेफर किया गया है, जबकि पांच और अन्य गंभीर घायलों को भी रेफर किया जा सकता है।
7 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए
घायलों के इलाज के लिए मेला क्षेत्र में 7 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 44 डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई है और 22 एंबुलेंस तैनात की गई हैं। घायलों को जरूरत के मुताबिक प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा जा रहा है।
क्यों मनाया जाता है गोटमार मेला
गोटमार मेले का इतिहास बताया जाता है कि बरसों साल पहले पांढुर्णा का युवक और सावरगांव की युवती को भगा ले गया था जैसे ही जाम नदी के बीच पहुंचा तो युवती के परिवार के लोग और गांव के लोगों ने युवक पर पत्थर की बौछार कर दी जैसे ही इसकी जानकारी पांढुर्णा पक्ष के लोगों को लगी तो वह भी युवक को बचाने के लिए पत्थर बरसने लगे लेकिन इसी बीच दोनों तरफ से पत्थर बरसाना शुरू हुई तो दोनों की ही मौत हो गई गांव के लोगों ने शव को मां चंडिका मंदिर में ले जाकर रखा पूजा के बाद अंतिम संस्कार किया गया। इसी घटना के बाद से ही परंपरा शुरू हो गई। पोला पर्व के दूसरे दिन गोटमार मेला का आयोजन किया जाता है। दोनों तरफ से होने वाली पत्थरबाजी में कई लोग घायल होते हैं।