थानेदार का ऑडियो वायरल, अंदर की बात पहुंची बाहर
छिंदवाड़ा
11-Jun-25
नेता-प्रशासन की खुली पोल, कैसे चल रहा गठजोड़
नेताओं का रसूख और प्रशासनिक मजबूरी
छिंदवाड़ा
नेताओं और जनप्रतिनिधियों के खर्च कैसे मैनेज होते है, कौन धनराशि उपलब्ध कराते हैं और कैसे कराते है। अंदर की ये बातें दमुआ थाना प्रभारी पुलिस उप निरीक्षक राजेश साहू के वायरल ऑडियो से बाहर पहुंची तो जिले की राजनीति फिर गर्मा गई। इस बात से नाराज पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती ने एसपी अजय पांडे से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है तो उधर थाना प्रभारी को अंदर की बात बाहर लाने के लिए एसपी साहब ने लाइन अटैच कर सजा दे दी है।
राजनीति में अपनी शुचिता को लेकर एक अलग पहचान बनाने वाली राजनीतिक पार्टी भाजपा भी अब मैली हो चली है। इस पार्टी के नेता कैसे पार्टी का दामन दागदार कर रहे हैं यह आज पूरे जिले में जनता के बीच चर्चा का विषय बन गया है। दमुआ थाना प्रभारी पुलिस उप निरीक्षक राजेश साहू का एक ऑडियो वायरल हुआ है जिसमें वे जुन्नारदेव के पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती पर आरोप लगा रहे हैं जबकि दूसरे में कथित तौर पूजा-पाठ के नाम पर राशि मांगने संबंधी बाचतीत है। वायरल ऑडियो में उपनिरीक्षक राजेश साहू कथित तौर पर कहते सुने गए हैं कि पूर्व विधायक नत्थन शाह बोलेरो में डीजल भरवाने का दबाब बनाते हैं। वह यह भी कहते हैं कि पूर्व विधायक कई जगहों से वसूली भीकरते हैं। हालांकि ये बातें साहू ने कथित तौर पर एक स्थानीय भाजपा नेता से की है और ऑडियो भी लोकसभा चुनाव के दौरान के बताया जा रहा है। ऑडियो वायरल होने के बाद पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती ने पुलिस अधीक्षक अजय पांडे से इस मामले में शिकायत की है और कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
कौन पहुंचा रहा भाजपा की छवि को नुकसान
सांसद विवेक बंटी साहू के पैर पखारने को लेकर किरकिरी होने के बाद अब पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती के ऑडियो से भाजपा सकते हैं। आखिर कौन भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है। दोनों मुद्दे को लेकर कांग्रेस आक्रमक हो गई है। भले ही वर्तमान दौर चुनाव का न हो लेकिन गर्मी के दिनों में जिले की सियासत में और गर्माहट आ गई है। राजनीतिक पारा और ऊपर चढ़ने की पूरी संभावना है क्योंकि कांग्रेस भी खोई हुई जमीन पाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुट गई है।