Home News Helpline Classified Jobs About Contact

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा, संगठन का नेतृत्व मजबूत हाथों में

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा, संगठन का नेतृत्व मजबूत हाथों में
राजनीति
10-Aug-26
कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई बैठक 

छिन्दवाड़ा

राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा की आवश्यक बैठक कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। जिला कांग्रेस संगठन के पदाधिकारीगणों को सम्बोधित करते हुए हरीश चौधरी ने छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिला कांग्रेस की तारीफ करते हुए कहा कि यहां के संगठन का नेतृत्व कमलनाथ व नकुलनाथ करते हैं, इसीलिये यहां के संगठन की प्रशंसा प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भी होती है।  

बूथ और क्षेत्रीय कमेटियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह सबकुछ यहां पर बहुत पहले से संचालित हो रहा है। कमलनाथ संगठन को बारीकि से समझते हैं। संगठनात्मक गतिविधियों को संचालित करने के साथ ही वे यह जानते हैं कि संगठन में किस व्यक्ति से कौनसा काम अच्छी तरह लिया जा सकता है। वही छवि नकुलनाथ में भी नजर आती है। छिन्दवाड़ा और पांढुर्ना जिला कांग्रेस की सक्रियता इस प्रशिक्षण के बाद और बढ़ेगी। प्रशिक्षण का अर्थ केवल बताना या फिर सिखाना नहीं है, आप लोगों को बदलते हुए परिवेश से अवगत कराना है।

आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कहा कि राजनीति भी समय के साथ बदल रही है। आवश्यक है कि समय के साथ चलें। शिक्षा स्कूल और कॉलेज तक सीमित होती है, लेकिन ज्ञान प्राप्त करने की कोई सीमा नहीं है। इसीलिये हमेशा सीखते रहना चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों से अवगत कराते हुए कहा कि छिन्दवाड़ा में बूथ कमेटियों का गठन और सतत रूप से जारी बैठकों को आगे भी जारी रखने की सलाह दी।
Share News On