कलेक्टर का सीएम जन - विश्वास अभियान पर जोर
छिंदवाड़ा
10-Aug-26
समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित
अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार ग्रामीण अंचलों में भ्रमण के लिए कहा

छिन्दवाडा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली 2026 के जिले में प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले से निर्धारित रोस्टर के अनुसार अगला क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम शुक्रवार 14 अगस्त को तामिया विकासखंड के छिंदी में आयोजित किया गया है। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को इस शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और आमजन की अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि शुक्रवार को जिला अधिकारियों की तरह ही सभी एसडीएम और अन्य सभी ब्लॉक लेवल अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्र के भ्रमण पर रहें और अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक सीएम हेल्पलाइन शिकायत को स्वयं देखें और पूरी गंभीरता के साथ आवेदकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।
बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की भी विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सीएम जन विश्वास अभियान का लोक सेवा गारंटी अधिनियम एक महत्वपूर्ण घटक है, अधिनियम के तहत सेवा प्रदायगी पूरी जवाबदेही के साथ निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित की जाए। एक भी प्रकरण समय सीमा बाह्य नहीं होने चाहिए। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति, शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों एवं अन्य समय-सीमा प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं मुख्यालय स्तर के अधिकारी सभाकक्ष में उपस्थित थे, जिले के अन्य सभी एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।